New Year का जश्न दोगुना, शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी, वैष्णो देवी मंदिर भी बर्फ से ढका

punjabkesari.in Monday, Dec 28, 2020 - 10:18 AM (IST)

नेशनल डेस्क: नए साल को आने में कुछ ही दिन बाकी रह गए गए हैं। भारत समेत दुनिया भर के देश नए साल का स्वागत करने की तैयारियों मे जुटे हुए हैं। वहीं कुदरत भी नए साल के जश्न को दोगुना कर रही है। भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। मौसम केंद्र ने सोमवार को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। उत्तराखंड मौसम विभाग ने भी सोमवार और मंगलवार को पहाड़ी जिलों में बर्फबारी और मैदानी जिलों में बारिश का अनुमान जताया है।

PunjabKesari

माता वैष्णो देवी में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर के रिआसी जिले के त्रिकूट पहाड़ पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में रविवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। अधिकारियों ने बताया कि इससे श्रद्धालुओं के दर्शन पर कोई असर नहीं पड़ा। केन्द्र शासित प्रदेश की ऊंचाई वाली जगहों पर बर्फबारी हुई है, वहीं मैदानी इलाकों और जम्मू शहर में बारिश हुई और काले घने बादल छाए रहे। अधिकारियों ने बताया कि भवन सहित पूरे त्रिकूट पहाड़ पर शाम करीब 5.30 बजे से बर्फबारी शुरू हुई और आधे घंटे तक जारी रही।

PunjabKesari

शिमला में मौसम की पहली बर्फबारी
शिमला में भी रविवार को इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई जिससे पर्यटकों के चेहरे खिल गए जो क्रिसमस और नए मनाने के लिए बड़ी संख्या में यहां आए हैं। हल्की बर्फबारी रात करीब सवा 9 बजे मॉल रोड, जाखू, छोटा शिमला और शहर के अन्य हिस्सों में शुरू हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। केलोंग, कल्पा और मनाली सहित राज्य में कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम केंद्र, शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलोंग राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि किन्नौर जिले के कल्पा और कुल्लू जिले के मनाली में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से नीचे 3.4 और शून्य से नीचे 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस कांगड़ा में दर्ज किया गया।

PunjabKesari
मैदानी इलाकों में शीतलहर का कहर
उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत उत्तर भारत के कई स्थानों पर रविवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग ने इस हफ्ते भी उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीतलहर चलने और घने कोहरे का अनुमान जताया है। IMD ने मध्य प्रदेश विशेषकर राज्य के पश्चिमी क्षेत्र में 29 दिसंबर से इस महीने में दूसरी बार शीतलहर आने का पूर्वानुमान है।

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News