जम्मू-कश्मीर में स्नो सुनामी की चेतावनी, अगले 5 दिन तक उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में...IMD का अलर्ट

punjabkesari.in Thursday, Jan 06, 2022 - 09:15 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते सर्दी बढ़ गई है। वहीं दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, असम, मेघालय और मणिपुर में अलग-अलग हिस्सों में कोहरा छाया हुआ है। पंजाब में पिछले चार दिनों से हल्की बारिश हो रही है जिससे राज्य में ठिठुरन बढ़ गई। बारिश और कोहरे के चलते पंजाब में विजिबिल्टी भी कम है। 

PunjabKesari

जम्मू-कश्मीर में स्नो सुनामी का अलर्ट
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में स्नो सुनामी की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में अगले 5 दिन भयानक होंगें क्योंकि जबरदस्त हिमपात और हिमस्खलन यानि स्नो सुनामी की चेतावनी दी गई है। लोगों को घरों में ही रहने के लिए कहा गया है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 5 दिन तक यानि 9 जनवरी तक प्रदेश में भारी हिमपात हो सकता है। इस हिमपात के कारण कश्मीर घाटी में हवाई और सड़क व रेल यातायात बाधिक रह सकते हैं। जम्मू कश्मीर में 5 जनवरी से 9 जनवरी के बीच एक प्रचंड पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है। यह पश्चिमी विक्षोभ 7 और 8 जनवरी को अपने चरम पर होगा और इस दौरान घाटी में भारी हिमपात होने की आशंका है। इस दौरान उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में होगा और मैदानी इलाके भी ठंड से कांप उठेंगे।

PunjabKesari

दिल्ली में बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान घटकर सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे 15.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह इस मौसम का सबसे कम अधिकतम तापमान है। बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 10.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अधिकारियों के अनुसार, लगातार एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की वजह से 9 जनवरी तक दिल्ली में यही स्थिति बनी रहेगी।

PunjabKesari

दिल्ली में 9 जनवरी तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है और न्यूनतम तापमान में शनिवार तक वृद्धि हो सकती है और यह 13-14 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। ‘स्काइमेट वेदर' के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पालावत ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के हटने के बाद पारा चार डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। उन्होंने बताया कि राजधानी में एक या दो बार मध्यम बारिश होने का अनुमान है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News