नूपुर शर्मा के बयान पर घमासान, दिल्ली के जामा मस्जिद से लेकर लखनऊ तक नारेबाजी और भारी प्रदर्शन

punjabkesari.in Friday, Jun 10, 2022 - 02:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: नूपुर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बयान को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद दिल्ली के जामा मस्जिद से लेकर कोलकाता, लखनऊ तक नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लेकर सहारनपुर तक लोगों ने नूपुर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। 

शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद लोगों ने नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर मस्जिद में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल पर कार्रवाई की मांग की। जामा मस्जिद परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए जिनमें से कुछ ने तख्तियां ले रखी थीं। प्रदर्शन करने वालों ने नारेबाजी की। इससे पहले दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम की तरफ से प्रदर्शन नहीं करने की अपील की गई थी। शाही इमाम का कहना है कि, उन्हें इस विरोध प्रदर्शन के बारे में कुछ पता नहीं है। न ही मस्जिद की ओर से कोई विरोध प्रदर्शन बुलाया गया था। 
PunjabKesari
स्थिति अब नियंत्रण में है- दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस का कहना है कि निलंबित भाजपा नेता नुपुर शर्मा और भाजपा से निष्कासित नेता नवीन कुमार जिंदल के बयानों के खिलाफ लोगों ने जामा मस्जिद पर विरोध प्रदर्शन किया। हमने वहां से लोगों को हटा दिया है। स्थिति अब नियंत्रण में है। दिल्ली पुलिस ने कथित रूप से नफरत फैलाने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने के मामले में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और विवादास्पद संत यति नरसिंहानंद समेत 31 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पूर्व भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल और पत्रकार सबा नकवी के भी नाम हैं। ​​​​​​​

यूपी में शहर दर शहर बवाल
जुमे की नमाज के बाद यूपी के लखनऊ, प्रयागराज सहारनपुर और देवबंद में नूपुर शर्मा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी हुई। देवबंद में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी ले लिया है। पुलिस को लोगों को नियंत्रित करने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी। 

जानें पूरा मामला?
बता दें कि, बीजेपी की प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने एक टीवी डिबेट में पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी की थी। जिसके बाद विवाद काफी बढ़ गया। विदेश में भी इस विवादित टिप्पणी को लेकर मोदी सरकार की आलोचना हुई। जिसके बाद बीजेपी ने नूपुर शर्मा पार्टी से निलंबित कर दिया। विवाद बढ़ने के बाद नूपुर शर्मा ने भी माफी मांगी थी और कहा था कि, मैं अपने शब्द वापस लेती हूं। उन्होंने कहा कि मेरी मंशा किसी को ठेस पहुंचाने की नहीं थी, अगर मेरे शब्दों से किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है तो मैं अपने शब्द वापस लेती हूं। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News