शिवसेना सांसद ने कसा तंज, बोले- सिनेमा हॉल खोलने की जरूरत नहीं, भाजपा कर रही मनोरंजन

punjabkesari.in Sunday, Sep 26, 2021 - 09:16 PM (IST)

नेशनल डेस्कः शिवसेना सांसद संजय राउत ने विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसते हुए कहा कि वह लोगों को मनोरंजन कर ही रही है तो ऐसे में बंद सिनेमा हॉल और थियेटरों को फिर से खोले जाने की जरुरत ही क्या है। शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना' के कार्यकारी संपादक राउत ने रविवार को अपने साप्ताहिक कॉलम ‘रोकटोक' में कहा , ‘‘ भले ही कोविड महामारी और प्रतिबंध जारी हैं। वहीं देश में राजनीतिक मनोरंजन कार्यक्रम चल रहे हैं। कुल मिलाकर हर जगह मस्ती है। मनोरंजन में रहस्य और कॉमेडी है जो विपक्षी दल द्वारा प्रदान किया जा रहा है। क्या ऐसे में सिनेमा हॉल और ड्रामा ऑडिटोरियम खोलने की आवश्यकता है।''

राज्यसभा ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे स्पष्ट कर चुके हैँ कि महाराष्ट्र में सिनेमा हॉल और ड्रामा थिएटरों को 22 अक्टूबर से इस शर्त पर संचालित करने की अनुमति दी जायेगी कि वे कोरोनो वायरस के प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक सभी प्रोटोकॉल का पालन करेंगे।

भाजपा की प्रदेश इकाई पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के इस्तेमाल किये जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ आज विपक्ष सिर्फ एक कॉमेडी शो है। यह कुछ नहीं कर रहा है, लेकिन ईडी जांच की धमकी दे रहा है।'' उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा ने सभी हदें पार कर दी हैं। भाजपा नेता किरीट सोमैया रोज ही राज्य के मंत्रियों के खिलाफ नये आरोप लगाते हैं और उनके निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करते हैं।

राउत ने कहा , ‘‘ मुझे लगता है कि राज्य सरकार को उनका (सोमैया) दौरा नहीं रोकना चाहिए। उनके आरोप साबुन के बुलबुले की तरह हैं।'' उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल का अंदाज भी कुछ अलग है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News