कश्मीर में भीषण ठंड से लोगों को राहत, खत्म हुआ चिल्लई कलां

punjabkesari.in Monday, Jan 31, 2022 - 10:35 PM (IST)


श्रीनगर : कश्मीर में 40 दिन के 'चिल्लई कलां' का दौर समाप्त होने के साथ ही घाटी में अधिकतर स्थानों पर लोगों को ठंड से राहत मिली और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। 

 

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि रविवार की रात को घाटी में तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहा।

 

कश्मीर में 40 दिनों के 'चिल्लई कलां' का दौर 21 दिसंबर से शुरू हुआ था। इस दौरान क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ती है और तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की जाती है, जिससे यहां की प्रसिद्ध डल झील के साथ-साथ घाटी के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति लाइन सहित जलाशय जम जाते हैं। इस दौरान ज्यादातर इलाकों में बर्फबारी भी सबसे अधिक होती है, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात होता है। हालांकि, इस बार घाटी में 'चिल्लई कलां' के दौरान पिछले साल की तुलना बर्फबारी कम हुई।

 

'चिल्लई कलां' के 31 जनवरी को खत्म होने के बाद, 20 दिनों का 'चिल्लई -खुर्द' और फिर 10 दिनों का 'चिल्लई  बच्चा' का दौर शुरू होता है।

 

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापामन शून्य से नीचे 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां एक दिन पहले तापमान शून्य से नीचे 2.3 डिग्री सेल्सियस था। उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग रिज़ॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यहां तापमान शून्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस नीचे था। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि एक दिन पहले यहां तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे था।

 

अधिकारियों ने बताया कि काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस और उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Monika Jamwal

Recommended News

Related News