ममता बनर्जी बोली- 2024 में अगर भाजपा को हराना है...तो सभी क्षेत्रीय दलों को आना होगा साथ

punjabkesari.in Wednesday, Feb 02, 2022 - 04:55 PM (IST)

नेशनल डेस्क: तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को सभी क्षेत्रीय दलों से आह्वान किया कि वे 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को पराजित करने के लिए साथ आएं। तृणमूल कांग्रेस की फिर से अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर परोक्ष रूप से कटाक्ष किया और कहा कि अगर वह अपने ‘अहंकार' की वजह से पीछे बैठना चाहती है तो उनकी पार्टी (TMC) को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकती।

 

ममताने कहा कि हम सभी पार्टियों से आग्रह करना चाहते हैं कि वे साथ आएं और 2024 में भाजपा को पराजित करें। हम चाहते हैं कि भाजपा का मुकाबला करने और उसे पराजित करने के लिए सभी दल साथ आएं। हमारा मकसद भाजपा को पराजित करने का है। अगर हम पश्चिम बंगाल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को पराजित कर सकते हैं तो हम राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा को भी पराजित कर सकते हैं।'' तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मेघालय और चंडीगढ़ में हुए हालिया चुनावों में भाजपा की जीत में मदद की।

 

दरअसल, मेघालय में कुछ सप्ताह पहले कांग्रेस के ज्यादातर विधायक तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए जिससे ममता बनर्जी की पार्टी मुख्य विपक्षी दल बन गई। चंडीगढ़ के महापौर के चुनाव में कांग्रेस के पार्षदों के अनुपस्थिति रहने के बाद भाजपा ने आम आदमी पार्टी को पराजित किया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने मंगलवार को पेश केंद्रीय बजट को ‘बड़ा झांसा' करार दिया, इसमें आम जनता के लिए कुछ नहीं है। सिर्फ दो लोग भारत के भविष्य के साथ खेल रहे हैं। इस देश के लोग नौकरी और भोजन चाहते है। वे हीरे नहीं चाहते।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News