लाल किला हिंसा का मोस्ट वांटेड मनिंदर सिंह गिरफ्तार, पास से दो तलवारें बरामद

punjabkesari.in Wednesday, Feb 17, 2021 - 09:44 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  26 जनवरी को  तीन कृषि कानूनों के विरोध में निकाली गई किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान लाल किले में हुई  हिंसा के मुख्य आरोपियों में से एक मनिंदर सिंह काे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से 4.3 फीट लंबी 2 तलवारें बरामद की हैं। 

 

पुलिस की स्पेशल सेल ने किया गिरफ्तार
एसीपी अत्तर सिंह के सुपरविजन में इंस्पेक्टर शिवकुमार, इंस्पेक्टर पवन कुमार और इंस्पेक्टर करमबीर की अगुवाई में पुलिस की स्पेशल सेल ने हिंसा के इस मुख्य उपद्रवी को गिरफ्तार किया है।  पुलिस ने उसकी  पहचान वीडियो/फेस रिकगनिशन के जरिए की। दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी के घर से दो तलवारें बरामद हुई है, जो काबू कर ली गई है। 

 

4.3 फीट की दो तलवारें बरामद 
पुलिस ने बताया कि मनिंदर एक कार एसी मैकेनिक का काम करता है। उसकी निशानदेही पर स्वरूप नगर से 4.3 फीट की दो तलवारें बरामद की गई है। वहीं इससे पहले अभिनेता- कार्यकर्ता दीप सिद्धू को भी गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने नौ फरवरी को सिद्धू को सात दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया था। पुलिस का आरोप है कि सिद्धू किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान लाल किले पर हुई हिंसा को उकसाने के मुख्य आरोपियों में से एक है।

 

गणतंत्र दिवस  के दिन हुई थी हिंसा
याद हो कि गणतंत्र दिवस के दिन राष्ट्रीय राजधानी में किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हुई थी। इस बीच, कुछ प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर लेकर लाल किले पहुंचे। इनमें से कुछ अंदर गए और इस ऐतिहासिक इमारत की प्राचीर पर धार्मिक झंडा लगा दिया। हिंसा में करीब 500 पुलिसकर्मी घायल हो गए और एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Recommended News

Related News