भाजपा ने गुजरात में विधायक दल के नेता के चयन के लिए राजनाथ सिंह को पर्यवेक्षक किया नियुक्त

punjabkesari.in Friday, Dec 09, 2022 - 06:34 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुजरात में विधायक दल के नेता के चयन के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी के संसदीय बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य बी एस येदियुरप्पा और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। गुजरात में भाजपा के नव निर्वाचित विधायकों की बैठक शनिवार की सुबह गांधीनगर स्थित प्रदेश पार्टी मुख्यालय ‘कमलम' में बुलाई गई है।

विधायक दल के नेता का चयन महज एक औपचारिकता है, क्योंकि यह लगभग तय है कि भूपेंद्र पटेल ही राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान कई मौकों पर भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व की सराहना की थी और लोगों से नरेंद्र-भूपेंद्र की जोड़ी को चुनाव जिताने की अपील की थी। भाजपा की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सी आर पाटिल ने भी बृहस्पतिवार को चुनाव परिणाम आने के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि भूपेंद्र पटेल ही राज्य के मुख्यमंत्री बने रहेंगे और उनका शपथ ग्रहण समारोह 12 दिसंबर को होगा।

पाटिल ने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री व नेता शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होंगे। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में भाजपा ने 156 सीट जीतकर बृहस्पतिवार को ऐतिहासिक जीत दर्ज की। भाजपा ने न केवल 2002 के अपने सबसे अच्छे प्रदर्शन 127 सीट पर जीत के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया, बल्कि वह कांग्रेस के 1985 के रिकार्ड को भी पार कर गयी। वर्ष 1985 में माधव सिंह सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में 149 सीट जीती थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News