राजनाथ, शाह ने मुर्मू के राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उनके आवास पर जाकर बधाई दी, देश के लिए बताया गौरवान्वित करने वाला पल

punjabkesari.in Thursday, Jul 21, 2022 - 10:47 PM (IST)

नई दिल्लीः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। सिंह और  शाह ने श्रीमती मुर्मू के आवास पर जाकर उन्हें बधाई दी और इसे देश के लिए गौरवान्वित करने वाला पल बताया। 

सिंह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ राष्ट्रपति चुनाव में प्रभावी जीत दर्ज करने के लिए श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को बधाई। वह गांव, गरीब, वंचितों के साथ-साथ झुग्गी-झोपड़यिों में भी लोक कल्याण के लिए सक्रिय रही हैं। आज वह उनके बीच से निकल कर सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंची हैं। यह भारतीय लोकतंत्र की ताकत का प्रमाण है। '' 

शाह ने कहा, ‘‘ एक अति सामान्य जनजातीय परिवार से आने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू जी का भारत का राष्ट्रपति चुना जाना पूरे देश के लिए अत्यंत गौरव का पल है, उन्हें बधाई देता हूं। यह विजय अन्त्योदय के संकल्प को चरितार्थ करने और जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है। द्रौपदी मुर्मू जी जिन विषम परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए आज देश के इस सर्वोच्च पद पर पहुंची हैं, वह हमारे लोकतंत्र की अपार शक्ति को दर्शाता है। इतने संघर्षों के बाद भी उन्होंने जिस नि:स्वार्थ भाव से खुद को देश और समाज की सेवा में समर्पित किया, वह सभी के लिए प्रेरणादायी है।'' 

उल्लेखनीय है कि मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को पराजित कर जीत दर्ज की है। 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News