माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए राहुल गांधी ने शुरू की पदयात्रा, बोले- आज राजनीति पर बात न करें

punjabkesari.in Thursday, Sep 09, 2021 - 04:57 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को जम्मू पहुंचे। इस दौरान वे रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित माता वैष्णो देवी के मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे। जम्मू हवाई अड्डे पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष का पार्टी नेताओं ने स्वागत किया। राहुल गांधी ने माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए पदयात्रा शुरू कर दी है। वहीं यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने मीडिया से कहा कि वे यहां पर माता रानी के दर्शनों को आए हैं, न कि राजनीति के बारे में बात करने।

 

राहुल ने कहा कि आज बस मां का आशीर्वाद लूंगा और राजनीति पर कोई बात या सवाल नहीं। इसके बाद राहुल ने अपनी पदयात्रा शुरू की। दर्शनी दरवाजा पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्त्ता राहुल गांधी के स्वागत के लिए जुटे नजर आए। हाथों में पार्टी के झंडे लिए कांग्रेस कार्यकर्त्ता राहुल गांधी के साथ-साथ चलते दिखे। कांग्रेस राहुल गांधी की इस यात्रा का हर वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर कर रहा है।

 

वहीं इससे पहले जम्मू-कश्मीर कांग्रेस समिति के अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं ने हवाई अड्डे पर गांधी का स्वागत किया। मीर ने कहा कि दौरे के पहले दिन राहुल गांधी का कोई राजनीतिक कार्यक्रम प्रस्तावित नहीं है। मीर ने कहा कि शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर साढ़े बारह बजे तक राहुल जम्मू के त्रिकुटा नगर में जे.के. रिजॉर्ट्स में पार्टी कार्यकर्त्ताओं से मिलेंगे। भोजन के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करने के बाद वह साढ़े तीन बजे की उड़ान से दिल्ली वापस जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News