राहुल गांधी ने साध्वी प्रज्ञा को कहा था आतंकवादी, सदन की विशेषाधिकार समिति को भेजी जा सकती है शिकायत: सूत्र

punjabkesari.in Monday, Dec 02, 2019 - 07:21 PM (IST)

नई दिल्ली: भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर को ‘आतंकवादी' कहने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ ठाकुर की शिकायत को लोकसभा अध्यक्ष सदन की विशेषाधिकार समिति को भेज सकते हैं। सूत्रों ने सोमवार को यह संकेत दिया। सूत्रों ने कहा कि किसी सांसद को अदालत में दोषी साबित नहीं होने पर भी आतंकवादी करार देना ‘गंभीर' मामला है और इस पर समिति में विचार-विमर्श की जरूरत है। पिछले सप्ताह लोकसभा में प्रज्ञा सिंह ठाकुर के एक बयान के बाद विवाद शुरू हो गया था और अगले दिन कांग्रेस सदस्य राहुल गांधी ने ट्वीट कर प्रज्ञा को ‘आतंकवादी' कहा था। इसके बाद प्रज्ञा ने राहुल के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। 

PunjabKesari
भोपाल से भाजपा सदस्य प्रज्ञा ने अपने बयान पर लोकसभा में माफी मांगी थी और यह भी कहा था कि उनके खिलाफ अदालत में कोई अपराध साबित नहीं हुआ है उसके बाद भी कांग्रेस नेता ने उन्हें आतंकवादी कहकर एक सांसद के नाते उनके विशेषाधिकारों का हनन किया है। प्रज्ञा सिंह ठाकुर मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं। उन्हें कुछ धाराओं के तहत बरी कर दिया गया है लेकिन कुछ अन्य आरोपों में उन पर मुकदमा चल रहा है। अगर लोकसभा अध्यक्ष मामले को विशेषाधिकार समिति को भेजते हैं तो गांधी को उनका पक्ष रखने के लिए बुलाया जा सकता है जिसके बाद समिति निर्णय लेगी।
  PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News