नागरिकों की हत्या के खिलाफ जम्मू में पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शन

punjabkesari.in Monday, Oct 18, 2021 - 12:00 PM (IST)

जम्मू : जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों द्वारा असैन्य नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों की हत्या की निंदा करने के लिए कई समूहों ने रविवार को यहां विभिन्न स्थानों पर पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

 

जम्मू और सीमावर्ती जिले पुंछ के विभिन्न हिस्सों में यह ताजा विरोध प्रदर्शन आतंकवादियों द्वारा श्रीनगर तथा पुलवामा जिलों में अलग-अलग हमलों में दो गैर-स्थानीय लोगों, बिहार के अरविंद कुमार साह और उत्तर प्रदेश के सगीर अहमद की गोली मारकर हत्या किये जाने के एक दिन बाद हुआ।

 

विभिन्न समूहों के प्रदर्शनकारियों ने केंद्र शासित प्रदेश में आतंकी गतिविधियों को लगातार समर्थन देने की निंदा करते हुए पाकिस्तान सरकार के पुतले फूंके। उन्होंने पुंछ जिले के सुरनकोट और मेंढर जंगलों में चल रहे तलाशी अभियान के दौरान अपनी जान गंवाने वाले नौ सैन्यकर्मियों को भी श्रद्धांजलि दी।

 

अधिकारियों ने बताया कि शिवसेना डोगरा फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने रानी पार्क, ऑल जम्मू एंड कश्मीर पंचायत कांफ्रेंस ने सर्कुलर रोड, राष्ट्रीय बजरंग दल ने प्रेस क्लब के बाहर और जम्मू वेस्ट असेंबली मूवमेंट ने न्यू प्लॉट और राजपूत करणी सेना ने तवी पुल पर विरोध प्रदर्शन किया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Monika Jamwal

Recommended News

Related News