राहुल के बाद बोलीं प्रियंका, गांधी परिवार के बाहर का हो कांग्रेस का अध्यक्ष

punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2020 - 05:47 PM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस में पूर्णकालिक अध्यक्ष की मांग जोर पकड़ने लगी है। कांग्रेस कार्यकर्ता फिर से राहुल गांधी को पार्टी की कमान संभालने की अपील कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक इंटरव्यू में कहा कि वह निकट भविष्य में पार्टी की बागडोर नहीं संभालने जा रही हैं और राहुल गांदी ही उनके नेता हैं। प्रियंका से पूछा गया कि क्या वह पार्टी का नेतृत्व करेंगी। इस पर उन्होंने इनकार करते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने पर फोकस करेंगी।

प्रियंका ने कहा कि अगर कोई गैर गांधी परिवार का कांग्रेस अध्यक्ष बनता है तो उन्हें उसके साथ काम करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि उनका परिवार राहुल गांधी के अध्यक्ष पद छोड़ने के फैसले और गांधी परिवार के अलावा किसी को अध्यक्ष बनाए जाने की सलाह का सम्मान करता है। यह बातचीत लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद की गई थी।
PunjabKesari
उत्तर प्रदेश पर करूंगी फोकस
कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने निकट भविष्य में पार्टी की जिम्मेदारी संभालने की बात से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने पर फोकस करेंगी। उन्होंने कहा, ''मैं कहना चाहूंगी कि मेरे लिए मेरा भाई ही लीडर है और वह हमेशा रहेगा। दूसरी बात, मुझे लगता है कि सैकड़ों लोग उत्तर प्रदेश और देश के दूसरे भाग में हैं जो बीजेपी के खिलाफ लड़ने में सक्षम हैं। वे युवा नेता भी हैं। मैं भविष्य की बात नहीं जानती कि क्या होगा। लेकिन पार्टी का नेतृत्व करने के लिए कई लोग सक्षम हैं।" उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार साल में मेरे भाई जितना मोदी से किसी ने लड़ाई नहीं लड़ी है। मैं भी पिछले चुनाव में उनके जितना नहीं बोलती थी।

राहुल की बात से सहमत हूं- प्रियंका
प्रियंका गांधी ने कहा, ''मेरे भाई ने लोकसभा चुनाव के बाद अपने इस्तीफा पत्र में कहा था कि वह चुनाव की जिम्मेदारी लेता है। फिर बाद में उसने कहा कि गांधी परिवार के अलावा कोई कांग्रेस अध्यक्ष होना चाहिए। मैं उसकी बात से पूरी तरह सहमत हूं। अब पार्टी को अपना आगे का रास्ता खुद तय करना चाहिए। प्रियंका ने इस बात से भी इनकार किया कि अगर कोई गांधी परिवार के बाहर का कांग्रेस अध्यक्ष बनता है तो टकराव होगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई गैर गांधी परिवार का कांग्रेस अध्यक्ष बनता है तो वह मेरा बॉस होगा। वह अगर कल को मुझे कहता है कि आप उत्तर प्रदेश छोड़कर अंडमान निकोबार जाएं, तो मैं खुशी-खुशी जाऊंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News