Presidential Election: जानिए 4,700 सांसदों और विधायकों में से कितनी महिलाएं वोट देने की हकदार

punjabkesari.in Thursday, Jul 14, 2022 - 11:28 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रपति चुनाव में वोट देने के लिए कुल 4,759 सांसद और विधायक पात्र हैं जिनमें से केवल 477 या 10 प्रतिशत महिलाएं हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने एक बयान में यह जानकारी दी। उसने कहा कि मतदान के हकदार सांसदों और विधायकों के मतों की कुल संख्या 10,74,364 है और संख्या के आधार पर इसमें 1,30,304 वोट (13 प्रतिशत) महिलाओं के हैं। ADR ने कहा कि सांसदों में लोकसभा में सदस्यों के कुल वोटों की संख्या 3,79,400 है और इनमें से 81 महिला सदस्यों के वोट 56,700 (15 प्रतिशत) हैं।

 

इसी तरह राज्यसभा सदस्यों के 1,58,200 मतों में से 21,700 (14 प्रतिशत) 31 महिला सदस्यों के हैं। ADR के अनुसार राज्य विधानसभाओं में सर्वाधिक महिला मतदाता उत्तर प्रदेश में हैं जिनके मतों की संख्या 9,776 है जबकि कुल वोट 83,824 हैं। प्रदेश में 403 विधायकों में से 47 महिलाएं हैं। इसके बाद पश्चिम बंगाल और बिहार का नंबर है। राष्ट्रपति पद की राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के 2014 में ओडिशा विधानसभा चुनावों के लिए दाखिल हलफनामे का जिक्र करते हुए ADR ने कहा कि उनके पास दो करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है और 14 लाख रुपए की देनदारी है।

 

ADR ने विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के भी 2009 के लोकसभा चुनाव में दाखिल शपथपत्र का हवाला देते हुए कहा कि उनके पास 3 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है और कोई देनदारी नहीं है। कुछ हलफनामों के हवाले से एडीआर के बयान में कहा गया कि मुर्मू पर तीन आपराधिक मामले हैं, जबकि सिन्हा पर एक मामला है। लेकिन ये सभी मामले गंभीर प्रकृति के नहीं हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News