राष्ट्रपति चुनाव: CM बोम्मई बोले- दो तिहाई बहुमत से जीतेंगी मुर्मू, सिन्हा की हार के भय से पीड़ित है कांग्रेस

punjabkesari.in Monday, Jul 18, 2022 - 06:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सोमवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह ‘‘निम्न स्तर की राजनीति'' कर रही है क्योंकि वह राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा की हार के भय से पीड़ित है। बोम्मई ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव जीतेंगी। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें विश्वास है कि वह (राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू) दो-तिहाई बहुमत से जीतेंगी।''

राष्ट्रपति चुनाव में संयुक्त उम्मीदवार उतारने को लेकर सहमति बनाने के लिए विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होने के बावजूद मुर्मू का समर्थन करने के लिए जनता दल (एस) की कांग्रेस द्वारा आलोचना किये जाने के बारे में पूछे जाने पर बोम्मई ने कहा, ‘‘कांग्रेस हार के डर से पीड़ित है और हम हर जगह उनकी निम्न स्तर की राजनीति देख रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि जद (एस) प्रमुख एच डी देवेगौड़ा ने मुर्मू के नाम की घोषणा के तुरंत बाद सिद्धांत के तौर पर अपनी पार्टी के समर्थन की घोषणा की थी।

उन्होंने कहा कि शिवसेना, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जैसी पार्टियां भी उनका समर्थन कर रही हैं। बोम्मई ने कहा, ‘‘कांग्रेस को समझना चाहिए कि कुछ चीजों में उन्हें अच्छाई के सिद्धांत का पालन करना होगा और राष्ट्रीय एकता की भावना को बनाए रखना होगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘न केवल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) या राजग बल्कि कई विपक्षी दल भी द्रौपदी मुर्मू का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने एक जनप्रतिनिधि के रूप में, मंत्री के रूप में और एक राज्यपाल के रूप में भी काम किया है।

उन्होंने खुद को एक सक्षम प्रशासक के रूप में साबित किया है।'' बोम्मई ने कहा कि आदिवासी पृष्ठभूमि की एक उम्मीदवार का देश में सर्वोच्च पद पर पहुंचना भारतीय लोकतंत्र की जीवंतता और परिपक्वता को दर्शाता है। उन्होंने राजग के उम्मीदवार के रूप में एक आदिवासी नेता का चयन करके और पूरे देश में सामाजिक समानता का संदेश भेजकर एक "आंदोलन" तैयार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि जीत के अंतर के मामले में पिछले सभी रिकॉर्ड टूटने की पूरी उम्मीद है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News