राष्ट्रपति ने की 8 हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस की नियुक्ति, 4 हाईकोर्ट के मुख्य जजों का तबादला

punjabkesari.in Saturday, Oct 09, 2021 - 09:20 PM (IST)

नेशनल डेस्कः आठ न्यायाधीशों को शनिवार को विभिन्न उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। कानून मंत्रालय ने कहा कि पांच मुख्य न्यायाधीशों को भी विभिन्न उच्च न्यायालयों में स्थानांतरित किया गया है। कलकत्ता उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेश बिंदल को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। कानून मंत्रालय में न्याय विभाग द्वारा प्रकाशित एक सूची के अनुसार, मेघालय के न्यायमूर्ति रंजीत वी मोरे को उसी उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है।

कर्नाटक उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा को तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया है। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव को कलकत्ता उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति आर वी मलिमथ अब मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश होंगे। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति रितु राज अवस्थी कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश होंगे। इसी तरह, कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अरविंद कुमार को गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया है।

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए ए कुरैशी को राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में स्थानांतरित किया गया है। राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति इंद्रजीत महंती को त्रिपुरा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मोहम्मद रफीक को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय का नया मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है।

मेघालय उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विश्वनाथ सोमद्दर को सिक्किम उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए के गोस्वामी को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News