72 साल बाद पलटेगा इतिहास का पन्ना, 10 जून को पंडित नेहरू का यह बड़ा रिकॉर्ड तोड़ देंगे पीएम मोदी
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 05:23 PM (IST)
नेशनल डेस्क: PM मोदी इस साल 10 जून को एक इतिहास रचने वाले हैं। इस दिन पीएम स्वतंत्र भारत के इतिहास में 'लोकसभा चुनाव जीतकर' सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले देश के पहले नेता बन जाएंगे। इस मामले में वह भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का दशकों पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
इतने दिनों का बनेगा कार्यकाल
जानकारी के लिए बता दें कि पंडित जवाहरलाल नेहरू साल 1952 में देश का पहला आम चुनाव जीतने के बाद 13 मई 1952 को देश के पहले निर्वाचित पीएम बने थे। इसके बाद 27 मई 1964 को अपने निधन तक वह लगातार इस पद पर रहे। इस दौरान उनका कार्यकाल 4,397 दिनों का था। अगर पीएम मोदी की बात करें तो उन्होंने 26 मई 2014 को पहली बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 9 जून 2026 को पीएम मोदी के लगातार कार्यकाल के भी 4,397 दिन पूरे हो जाएंगे, जो नेहरू के बराबर होगा। इसके ठीक अगले दिन, यानी 10 जून 2026 को नरेंद्र मोदी का कार्यकाल 4,398 दिनों का हो जाएगा और वे लगातार सबसे लंबे समय तक देश की सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन जाएंगे।
टूट रहे हैं कांग्रेस काल के बड़े रिकॉर्ड्स
यह पहली बार नहीं है जब पीएम मोदी ने कोई बड़ा राजनीतिक रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उन्होंने इंदिरा गांधी के लगातार 4,077 दिनों तक पद पर रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा है। पीएम मोदी देश के पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी नेता हैं, जिन्होंने 2014, 2019 और 2024 के आम चुनावों में लगातार तीन बार पूर्ण बहुमत या गठबंधन के साथ सत्ता में आकर इतिहास रचा है।
लेकिन नेहरू का 'यह' सबसे बड़ा रिकॉर्ड अब भी रहेगा कायम
भले ही लगातार 'निर्वाचित' कार्यकाल के मामले में पीएम मोदी आगे निकल रहे हैं, लेकिन कुल कार्यकाल के मामले में पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड अब भी शीर्ष पर रहेगा। नेहरू 15 अगस्त 1947 को आजादी के दिन से लेकर 27 मई 1964 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। इस तरह उनका कुल कार्यकाल 6,131 दिनों का था, जिसे आज भी कोई तोड़ नहीं सका।
