जनता कर्फ्यू का 1 साल: जब पीएम मोदी की एक अपील पर थम गया था पूरा देश, पढ़ें दिनभर की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Mar 22, 2021 - 08:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क: जनता कर्फ्यू का 1 साल पूरा हो गया है। यही वो दिन है जब देश में जनता कर्फ्यू और उसके बाद तीन महीने के लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। पीएम मोदी की एक अपील पर 22 मार्च 2020 (रविवार) को पूरे देश की सड़कों पर सन्नाटा छा गया था। इसी बीच, भारतीय जनता पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं की फौज को विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में उतार दिया है।भाजपा नेता लगातार चुनावी राज्यों के दौरे पर है। वहीं, सीएम ममता बनर्जी ने रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा को बाहरी लोगों की पार्टी बताया।

पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें 

जनता कर्फ्यू का 1 साल: कोरोना के खिलाफ जंग में PM मोदी को मिला लोगों का साथ
इतिहास में 22 मार्च की तारीख को भारत के लोग सालों साल तक याद रखेंगे क्योंकि यही वो दिन है जब देश में जनता कर्फ्यू और उसके बाद तीन महीने के लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। 22 मार्च 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना के प्रकोप को देखते हुए जनता कर्फ्यू का ऐलान किया था। पीएम मोदी की एक अपील पर 22 मार्च 2020 (रविवार) को पूरे देश की सड़कों पर सन्नाटा छा गया था। क्या शहर और क्या गांव हर तरफ खामोशी थी।

राहुल गांधी से पूछा- बताओ कैसे करोगे यहां के लोगों की रक्षा?
विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं की फौज को मैदान में उतार दिया है। भाजपा नेता लगातार चुनावी राज्यों के दौरे पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद आज गृह मंत्री अमित शाह असम ताबड़तोड़ चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। उन्होने एक रैली को संबाेधित करते हुए कहा कि आपने 5 साल भाजपा को दिए, आज असम विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। 

कहा- भाजपा के गुंडे आपके घर आकर पार्टी के लिए वोट मांगेंगे
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि वह विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में मुफ्त राशन की आपूर्ति का झूठा वादा कर रही है जिसे वह कभी पूरा नहीं करेगी। एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा को बाहरी लोगों की पार्टी बताया और आरोप लगाया कि वह आतंक पैदा करने के लिए राज्य में गुंडों को ला रही है। बनर्जी ने कहा, भाजपा ने मुफ्त राशन देने का झूठा वादा किया है जो वह कभी पूरा नहीं करने वाली। भाजपा के गुंडे आपके घर आकर अपनी पार्टी के लिए वोट मांगेंगे। ये लोग यदि आपको धमकाते हैं तो उन्हें खदेडऩे के लिए अपने घरों के बरतन हाथों में लेकर तैयार रहें।

मोदी-शाह से फडणवीस की मुलाकात के बाद लीक हुई परमबीर की चिट्ठी
पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह की उद्धव ठाकरे को लिखी चिट्ठी को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल आया हुआ है। जहां भाजपा महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख के इस्तीफे की मांग कर रही है वहीं अब शिवसेना ने भाजपा पर ही आरोप लगा दिया है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में लिखा कि देवेंद्र फडणवीस दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने दिल्ली गए थे, उसके अगले ही दिन परमबीर सिंह की चिट्ठी लीक हो गई।

देश को पानी संकट से बचाने के लिए इसका संरक्षण जरूरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ‘‘जल शक्ति अभियान: कैच द रैन'' यानी वर्षा जल संचयन अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि जलशक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और प्रयास भी बढ़ रहे हैं। आज पूरी दुनिया जल के महत्व को उजागर करने के लिए अंतरराष्ट्रीय जल दिवस मना रही है। पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी में पानी बेहद जरूरी है।

गृह मंत्री देशमुख के बचाव में फिर आए शरद पवार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष शरद पवार ने आज प्रेस कांफ्रेस कर महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख का बचाव करते हुए कहा कि पांच से 15 फरवरी तक कोरोना संक्रमित होने की वजह से अस्पताल में भर्ती थे। इस वजह से वाजे से उनकी बातचीत का सवाल ही नहीं उठता है। राज्य के राजनीतिक हलकों में महाराष्ट्र को एक नया गृह मंत्री जल्द मिलने की अटकलों के बीच पवार ने कहा कि गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख परमबीर सिंह की ओर से लगाए गए आरोप गलत हैं।

कांग्रेस के दांत खाने के कुछ और दिखाने के कुछ
अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हाथी की तरह कांग्रेस के ‘‘दांत खाने के कुछ और तथा दिखाने के कुछ और हैं।'' डिब्रूगढ़ जिले के तिनखोंग में चुनाव रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कांग्रेस पर ''अवसरवाद की राजनीति'' करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्षी पार्टी सत्ता में आई तो असम ''अंधकार'' की ओर बढ़ने लगेगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 'कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य अवसरवाद की राजनीति करना है। वह केरल में मुस्लिम लीग के साथ मिलकर माकपा के खिलाफ चुनाव लड़ रही है लेकिन पश्चिम बंगाल तथा असम में उसने इसके साथ हाथ मिला रखा है।'

BJP ने जारी किया घोषणा पत्र, 50 लाख नौकरियों का वादा
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने घोषणा पत्र जारी कर दिया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और वीके सिंह ने चेन्नई स्थित पार्टी कार्यालय पहुंच कर घोषणापत्र जारी किया है। घोषणा पत्र जारी करते हुए गडकरी ने राज्य में 50 लाख नई नौकरियां देने का वायदा किया।  बीजेपी ने अपने घोषणापत्र में वादा किया है कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में चुनकर आती है तो धर्मांतरण के खिलाफ एक कानून लाया जाएगा।

परमबीर सिंह ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा
मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट का रुख कर महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख के कथित कदाचार की फौरन सीबीआई से ‘पूर्वाग्रह रहित, अप्रभावित, निष्पक्ष और स्वतंत्र' जांच कराने के लिए निर्देश देने का अनुरोध किया। सिंह, 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने मुंबई के पुलिस आयुक्त पद से उनके तबादले को ‘मनमाना' और ‘गैरकानूनी' होने का आरोप लगाते हुए इस आदेश को रद्द करने का भी अनुरोध किया है।

कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, G-23 के मनीष तिवारी को मिली जगह
कांग्रेस ने बंगाल चुनाव में तीसरे चरण के लिए सोमवार को स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की। इसमें कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष समेत 30 नेताओं के नाम शामिल हैं। इस चरण में G-23 के असंतुष्ट नेताओं में से मनीष तिवारी को जगह दी गई है, जबकि गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजबब्बर जैसे नाम नदारद हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News