पीएम मोदी बोले- रातों-रात नहीं आए कृषि कानून, एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Dec 18, 2020 - 08:32 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि बीते कई दिनों से देश में किसानों के लिए जो नए कानून बने, उनकी बहुत चर्चा है। ये कृषि सुधार कानून रातों-रात नहीं आए। इसी बीच कृषि कानूनों के विरोध में हजारों की संख्या में किसान 23 दिनों से दिल्ली के साथ लगती सीमाओं पर डटे हुए हैं। किसान सरकार के साथ किसी भी समझौते के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं, किसान आंदोलन के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि सरकार किसानों से बातचीत के लिए तैयार हैं।

पढे़ं दिनभर की 10 बड़ी खबरें

किसान आंदोलन के बीच बोले PM मोदी, रातों-रात नहीं आए कृषि कानून
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि बीते कई दिनों से देश में किसानों के लिए जो नए कानून बने, उनकी बहुत चर्चा है। ये कृषि सुधार कानून रातों-रात नहीं आए। पिछले 20-22 साल से हर सरकार ने इस पर व्यापक चर्चा की है। पीएम मोदी ने कहा कि देश के किसान, किसानों के संगठन, कृषि एक्सपर्ट, कृषि अर्थशास्त्री, कृषि वैज्ञानिक, हमारे यहां के प्रोग्रेसिव किसान भी लगातार कृषि क्षेत्र में सुधार की मांग करते आए हैं।

किसान आंदोलन का 23वां दिन- मांगों पर अड़े किसान
कृषि कानूनों के विरोध में हजारों की संख्या में किसान 23 दिनों से दिल्ली के साथ लगती सीमाओं पर डटे हुए हैं। किसान सरकार के साथ किसी भी समझौते के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं। किसान तीनों नए कृषि कानून (Farmers Bill 2020) को वापिस लेने की मांग पर अड़े हुए हैं। किसान दिल्ली के सिंघू, टिकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन कई मायनों में सिंघू बॉर्डर हॉटस्पॉट के रूप में उभरा है और बाकी जगहों के मुकाबले वह ज्यादा सुर्खियों में है।

सरकार बातचीत करने को हर समय तैयार
किसान आंदोलन के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि सरकार किसानों से बातचीत के लिए तैयार हैं। सरकार विभिन्न किसान संगठनों के साथ अनौपचारिक वार्ता कर रही है, उम्मीद है कि वर्ष के अंत के पहले संकट का समाधान निकल जाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहा है, किसानों को गुमराह कर रहा है। किसानों के कंधे पर रखकर बंदूक चलाने वालों से बात करने का सवाल नहीं उठता। किसानों की सभी जायज चिंताओं और गतिरोध दूर करने के लिये प्रदर्शनकारी किसान संगठनों से बातचीत करने को हर समय तैयार है। 

गडकरी बोले- 2 साल में खत्‍म कर दिए जाएंगे टोल प्‍लाजा
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री (Minister of Road Transport and Highways) नितिन गडकरी ने कहा कि सरकार टोल संग्रह (Toll collection) को आसान बनाने के लिए इसे जीपीएस प्रणाली (GPS system) से जोड़ रही है ताकि जाम की समस्या से निजात मिले और यात्रा को आसान बनाया जा सके। गडकरी ने गुरुवार को वाणिज्य उद्योग मंडल एसोचैम के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अगले 2 साल में टोल प्लाजा पर शुल्क संग्रह को जीपीएस प्रणाली से जोड़ दिया जाएगा।

गृह मंत्री अमित शाह का दो दिवसीय बंगाल दौरा कल
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह शनिवार से पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगें। इस दौरे में शाह पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र पार्टी की कई रणनीतिक बैठकों में भाग लेंगे। भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक शाह शनिवार को 10:45 बजे कोलकाता स्थित श्री रामकृष्ण मिशन आश्रम में स्वामी विवेकानंद के पैतृक गृह में उन्हें श्रद्धांजलि देंगे और पत्रकारों से संवाद करेंगे। 

भारत-नेपाल का रिश्ता हिमालय जितना ऊंचा और हिंद महासागर जैसा गहरा
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (CDS) जनरल बिपिन रावत ने चीन के साथ नजदीकी बढ़ाने पर नेपाल को नसीहत दी। बिपिन रावत ने ने कहा कि नेपाल अंतर्राष्ट्रीय मामलों में स्वतंत्र तौर पर कार्य कर सकता है लेकिन उसे श्रीलंका और अन्य देशों से सीखते हुए सतर्क रहना चाहिए। इसके साथ ही CDS रावत ने नेपाल और भारत के बीच मजबूत संबंध की तुलना हिमालय की ऊंचाई और हिंद महासागर की गहराई से की। रावत ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता हिमालय जितना ऊंचा और हिंद महासागर जैसा गहरा है।

मिसाइलों से अधिक हो गई है मोबाइल फोन की मारक क्षमता
विभिन्न देशों के बीच संघर्ष में जाहिरा तौर पर सोशल मीडिया के प्रभाव का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि अब मोबाइल फोन की मारक क्षमता मिसाइलों से भी कहीं ज्यादा हो गई है। रक्षा मंत्री ने यहां वार्षिक सैन्य साहित्य महोत्सव को संबोधित करते हुए आगाह किया कि भविष्य में विभिन्न प्रकार के सुरक्षा खतरे सामने आ सकते हैं। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कहा, यह कार्यक्रम दूसरे दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है... समय बदलने के साथ ही खतरों और युद्धों की प्रकृति भी बदल रही है।

ममता के एक और विधायक ने छोड़ा साथ, दो दिन में पार्टी छोड़ने वाले तीसरे नेता
पश्चिम बंगाल में अगले साल होने विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी को एक और झटका लगा है। गुरुवार को टीएमसी के बागी विधायक सुवेंदु अधिकारी के पार्टी छोड़ने के बाद एक और वरिष्ठ नेता शीलभद्र दत्ता ने भी आज इस्तीफा सौंप दिया है। सुवेंदु के साथ शीलभद्र के भी बीजेपी का दामन थामने के कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं पार्टी के मुस्लिम नेता कबीरुल इस्लाम ने शुक्रवार को पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया है।

झूठा प्रचार कर असलियत दबा रही है मोदी सरकार
कांग्रेस ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के साथ छल, प्रपंच, कपट और ढोंग कर रहे हैं और दुष्प्रचार से असलियत पर पर्दा डालने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीपसिंह सुरजेवाला ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मोदी और उनकी सरकार किसानों को गुमराह करना चाहती है और सरकारी स्तर पर झूठा तथा दुष्प्रचार प्रचार कर किसानों की असली स्थिति को छिपाने की कोशिश की जा रही है।

भारत पाकिस्तान पर फिर करने वाला है सर्जिकल स्ट्राइक
पाकिस्तान पर भारतीय सेना का इस कदर खौफ छाया हुआ है कि उसे हर वक्त सर्जिकल स्ट्राइक का डर सताता है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने अबुधाबी में दावा किया है कि भारत पाकिस्तान पर फिर से सर्जिकल स्ट्राइक करने वाला है। उन्होंने यह दावा अबु धावी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए किया। उन्होंने दावा किया कि देश की इंटेलिजेंस को इस बारे में जानकारी मिली है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

rajesh kumar

Recommended News

Related News