पीएम मोदी ने प्रिंस फिलिप के निधन पर शोक जताया, कहा- सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में निभाया लीड रोल

punjabkesari.in Friday, Apr 09, 2021 - 07:38 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप के निधन पर शोक व्यक्त किया और सेना में उनके उल्लेखनीय करियर के साथ ही सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उनकी उनकी अग्रणी भूमिका की सराहना की। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग प्रिंस फिलिप के निधन पर मेरी संवेदनाएं ब्रिटेन की जनता और वहां के शाही परिवार के साथ है।'

उन्होंने कहा, ‘सेना में उनका एक उल्लेखनीय करियर रहा और सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई।' प्रिंस फिलिप 99 वर्ष के थे। उनके निधन की जानकारी बकिंघम पैलेस ने बयान जारी कर दी। बयान में कहा गया है, ‘‘गहरे दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि महारानी के पति प्रिंस फिलिप- ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग का निधन हो गया है। उन्होंने आज सुबह विंडसर कैसल में अंतिम सांस ली।'' दस जून को प्रिंस फिलिप का 100 वां जन्मदिन होता।

पिछले दिनों उन्हें करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था, जहां हृदय संबंधी बीमारी को लेकर उनका इलाज किया गया था। कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन में प्रिंस फिलिप और महारानी ने अपना अधिकतर समय इंग्लैंड के विंडसर कैसल में कुछ कर्मचारियों के साथ बिताया था। दोनों की शादी 73 साल पहले हुयी थी और उन्होंने जनवरी में एक साथ ही कोविड टीके की पहली खुराक ली थी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News