खास दोस्त शिंजो आबे के निधन पर PM मोदी दुखी, भारत में कल एक दिन का राष्ट्रीय शोक का ऐलान

punjabkesari.in Friday, Jul 08, 2022 - 03:07 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर गहरा शोक जताया और कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन जापान और दुनिया को एक बेहतर स्थान बनाने में समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री आबे के प्रति गहरे सम्मान के प्रतीक के तौर पर नौ जुलाई को एक दिन का राष्ट्रीय शोक रखे जाने की घोषणा की। आबे के सम्मान में नौ जुलाई को सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और सरकारी समारोहों का आयोजन नहीं होगा। मोदी के पूर्व पीएम शिंजो आबे बहुत करीबी मित्र थे। उन्होंने प्रधानमंत्री पर रहते हुए मोदी के साथ उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी का भ्रमण किया था और वहां उन्होंने गंगा आरती में भी भाग लिया था। 

मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मेरे प्रिय मित्रों में शुमार शिंजो आबे के दुखद निधन से मैं हैरान और दुखी हूं और इसे व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। वह एक शीर्ष वैश्विक राजनेता, एक उत्कृष्ट नेता और एक अद्भुत प्रशासक थे। उन्होंने जापान और विश्व को एक बेहतर स्थान बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।'' पीएम मोदी ने मित्र शिंजो आबे के साथ हालिया मुलाकात की भी तस्वीर ट्वीटर पर साझा की है। पीएम ने लिखा, 'टोक्यो में अपने प्रिय मित्र शिंजो आबे के साथ मेरी सबसे हालिया मुलाकात की एक तस्वीर साझा कर रहा हूं। आबे को जापान के पश्चिमी हिस्से में चुनाव प्रचार के एक कार्यक्रम में भाषण के दौरान शुक्रवार को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

मोदी ने कहा कि आबे के साथ उनके वर्षों पुराने संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, तब से मैं उन्हें जानता था और हमारी दोस्ती मेरे प्रधानमंत्री बनने के बाद भी जारी रही। अर्थव्यवस्था और वैश्विक मामलों पर उनकी तीक्ष्ण अंतर्दृष्टि ने मुझपर गहरी छाप छोड़ी।'' इससे पहले, जब आबे को गोली मारे जाने की जानकारी सामने आई थी, तो मोदी ने एक ट्वीट कर कहा था कि वह इससे व्यथित हैं। उन्होंने आबे के जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मेरे प्रिय मित्र शिंजो आबे पर हमले की खबर सुनकर व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके, उनके परिजनों और जापान की जनता के साथ है।'' 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News