बीरभूमि हिंसा के बाद लोगों में दहशत, घर छोड़कर पलायन के लिए हुए मजबूर

punjabkesari.in Wednesday, Mar 23, 2022 - 06:14 PM (IST)

नेशनल डेस्कः पश्चिम बंगाल के बीरभूमि जिले के रामपुरहाट में 8 लोगों को घर में जिंदा जलाए जाने के बाद लोगों में डर और दहशत का माहौल है। बीरभूमि की घटना ने राजनीतिक रूप ले लिया है लेकिन स्थानीय लोग अपने घरों से पलायन करने को मजबूर हैं। लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जा रहे हैं। बता दें कि तृणमूल कांग्रेस के नेता की हत्या के बाद रामपुरहाट शहर के बाहरी इलाके में स्थित बोगतुई गांव में कथित तौर पर करीब एक दर्जन मकानों में आग लगा दी गई थी। ऐसा कहा जा रहा है कि कुछ लोगों ने अपने नेता की हत्या का बदला लेने के लिए मकानों में आग लगा दी।

एक स्थानीय महिला ने बताया कि अब हमें यहां डर लग रहा है। इस घटना में मेरे देवर की मौत हो गई है। महिला ने बताया कि अगर पुलिस हमें सुरक्षा देती तो यह घटना नहीं होती। वहीं, विपक्षी भाजपा ने बुधवार को राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की। पार्टी ने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

भाजपा सांसद और पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिये और पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। सिंह ने कहा, ‘‘ पहले विपक्षी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जाता था। अब राज्य में टीएमसी बनाम टीएमसी हो रहा है। सत्तारूढ़ पार्टी के नेता आपस में ही लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए और बीरभूम हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंपनी चाहिए। पुलिस द्वारा मामले में लीपा-पोती करने की कोशिश की जा रही है। दोषियों को बचाने की कोशिश हो रही है।''

उधर, टीएमसी ने विपक्षी भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘‘उसके सदस्य पिकनिक पर गए हुए हैं।'' राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी ने भाजपा नेताओं के एक मिठाई की दुकान पर होने के वीडियो को ट्विटर पर साझा करते हुए दावा किया, ‘‘ भगवा खेमे ने अपने सदस्यों के हिंसाग्रस्त बीरभूम जाने की व्यवस्था की, लेकिन वे जिले में जाने के दौरान रास्ते में पिकनिक मना रहे हैं।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News