J-K: राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान ने संघर्षविराम का किया उल्लंघन, एक जवान शहीद

punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2020 - 03:19 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पाकिस्तानी बलों ने शनिवार को बिना किसी उकसावे के जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) और नियंत्रण रेखा पर स्थित दो सेक्टरों में अग्रिम चौकियों और गांवों को निशाना बनाकर गोलीबारी की, जिसमें सेना का एक हवलदार शहीद हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस घटना के बमुश्किल एक हफ्ते पहले, 13 नवंबर को उत्तर कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सैनिकों ने कई बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी समेत कुल 11 लोगों की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने बताया कि राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर के लाम इलाके में सीमा पार से देर रात करीब एक बजे हुई गोलीबारी में अग्रिम चौकी पर तैनात हलवदार पाटिल संग्राम शिवाजी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

PunjabKesari

अधिकारियों ने बताया कि बाद में शिवाजी की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि एक अन्य सैनिक घायल हुआ है और उसका सेना के अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया और दोनों ओर से कुछ समय तक गोलीबारी होती रही। जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग तथा अन्य अधिकारियों ने शहीद जवान को सलाम किया और उनके परिवार के प्रति संवदेनाएं जताईं। सेना की ओर से जारी वक्तव्य में रक्षा प्रवक्ता की ओर से कहा गया कि महाराष्ट्र के कोल्हापुर के निगावे गांव के निवासी हवलदार शिवाजी साहसी, उत्साही और निष्ठावान सैनिक थे।

PunjabKesari

उन्होंने कहा, ‘‘उनके सर्वोच्च बलिदान एवं कर्तव्यपरायणता के लिए राष्ट्र सदैव उनका आभारी रहेगा।'' अधिकारियों ने यह भी बताया कि पाकिस्तानी रेंजरों ने कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट बिना उकसावे के गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि सतपाल, मानयारी, लडवाल और करोल कृष्ण सीमा चौकी इलाकों में पाकिस्तान की ओर से शुक्रवार रात दस बजे के आसपास गोलीबारी शुरू हुई जिसका सीमा सुरक्षा बल ने मुंहतोड़ जवाब दिया। सीमा पार से गोलीबारी शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे तक जारी रही, हालांकि इसमें जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

PunjabKesari
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil dev

Recommended News

Related News