PAK ने फिर सीजफायर तोड़ दागे मोर्टार, सेना दे रही मुंहतोड़ जवाब

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2020 - 05:00 PM (IST)

जम्मू: पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर बिना किसी उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन किया एवं जम्मू कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर मोर्टार दागे। खबरों के अनुसार बृहस्पतिवार रात गोलाबारी शुरू हुई और शुक्रवार सुबह तक चलती रही। रक्षा प्रवक्ता ने कहा पाकिस्तानी सेना ने रात पौने बारह बजे से मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर छोटे हथियारों से गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ के डेगवार सेक्टर में सीमा पार से गोले दागे और गोलियां चलायीं। पाकिस्तान रेंजर्स ने बृहस्पतिवार को कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी की थी।

PunjabKesari

वहीं इससे पहले पाकिस्तानी जवानों ने गुरुवार दोपहर बाद पुंछ जिले के देवार क्षेत्र में नियंत्रण रेखा से लगी अग्रिम चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की थी। उन्होंने बताया कि भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की और यह करीब बीस मिनट तक चली। इससे पहले पाकिस्तानी रेंजरों ने बुधवार रात हीरानगर सेक्टर के पंसार, मनयारी और चक गंगा में मोर्टार से गोले दागे और गोलीबारी की थी। यह गोलीबारी सुबह तक जारी रही। रक्षा राज्य मंत्री श्रीपाद यसो नाइक ने बुधवार को बताया था कि इस साल एक जनवरी से 23 फरवरी के बीच भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम उल्लंघन की 646 घटनाएं हुयी हैं।

PunjabKesari

24 मार्च को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट पाकिस्तान के रेंजरों ने रात भर गोलाबारी की जिसमें 45 वर्षीय एक नागरिक घायल हो गया था। हीरानगर के मनयारी इलाके में देर रात मोर्टर का गोला आकर फटा जिसके छर्रे वहां रहने वाले बोध राज को लगे। उसे हीरानगर के उप जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया और उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी। सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे से सीमापार से गोलीबारी और गोलाबारी शुरू हो गई थी जो रातभर जारी रही। इस पर सीमा सुरक्षा बल ने मुंहतोड़ जवाबी कार्रवाई की थी। सीमापार से हुए संघर्षविराम उल्लंघन के चलते सीमा के नजदीक रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई और उन्हें बंकरों में रात गुजारनी पड़ी। गोलाबारी की वजह से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए और रेखा रानी नाम की महिला बेहोश हो गई थी। गोलाबारी तड़के पांच बजे बंद हुई थी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Author

rajesh kumar

Recommended News

Related News