दिल्ली में ऑक्सीजन संकट : मदद की गुहार लगा रहे हैं अस्पताल

punjabkesari.in Sunday, May 02, 2021 - 11:59 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली के कुछ अस्पतालों ने अपने खत्म होते ऑक्सीजन भंडारों के बारे में रविवार को अधिकारियों को आपात संदेश भेजे। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच छोटे अस्पताल इस जीवन रक्षक गैस की कमी का लगातार सामना कर रहे हैं। यहां तक कि एक अस्पताल ने तो सरकार से अपने मरीजों को दूसरी जगह भेजने की भी अपील की है। 
PunjabKesari
मालवीय नगर स्थित मधुकर रेनबो चिल्ड्रन अस्पताल ने रविवार को अपने यहां ऑक्सीजन का भंडार समाप्त होने का संदेश दिया और कहा कि चार नवजातों समेत 50 लोगों की जान ‘‘खतरे में है।’’अस्पताल में तरल ऑक्सीजन के भंडार के लिए टैंक नहीं है और उसकी निर्भरता निजी विक्रेता से ऑक्सीजन सिलेंडरों की आपूर्ति पर है।
PunjabKesari
अधिकारी ने कहा, ‘‘निरंतर आपूर्ति के अभाव में यह रोजाना की लड़ाई बन गई है। हमें हर दिन करीब 125 ऑक्सीजन सिलेंडरों की जरूरत पड़ती है।’’ अस्पताल ने कहा कि उसे दोपहर करीब डेढ़ बजे सरकारी अधिकारियों की मदद से 20 ऑक्सीजन सिलेंडर मिले।

द्वारका स्थित आकाश हेल्थकेयर ने सरकारी अधिकारियों से मरीजों को किसी दूसरी जगह स्थानांतरित करने की अपील की, ताकि ‘‘उन्हें बचाया जा सके।’’अस्पताल के ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया गया, ‘‘मदद के लिए गुहार: पूरे दिन कोशिश करने के बाद केवल पांच ऑक्सीजन सिलेंडर मिले, 250 से ज्यादा मरीजों की जान बचाने के लिए 60 मिनट से अधिक नहीं बचे हैं।’’

दक्षिण दिल्ली में स्थित विम्हांस अस्पताल के सीईओ यतीश वहल ने शाम में ‘‘बहुमूल्य जीवन रक्षा के लिए ततल्काल मदद की गुहार लगाई।’’उन्होंने कहा कि सरकारी आदेश के अनुसार, अस्पताल का आपूर्तिकर्ता बदल गया है। उन्होंने कहा, नया आपूर्तिकर्ता ‘‘ऑक्सीजन की आपूर्ति करने से मना कर रहा है और हमारे पास अगले सात दिनों तक काम चलाने लायक स्टॉक नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि करीब 135 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं, और इनमें से 94 आईसीयू में हैं। सीताराम भरतीया इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड रिसर्च ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से मदद मांगी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News