दुनियाभर में 1 करोड़ के पार हुई कोरोना संक्रमितों की संख्या

punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2020 - 05:13 AM (IST)

वॉशिंगटनः दुनियाभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 करोड़ से पार पहुंच गई है। दुनिया में इससे संक्रमित मरीजों की संख्या 10,000,578 पहुंच गई है। इसकी जानकारी वर्ल्डोमीटर ने अपनी वेबसाइट पर दी है। 180 दिन से पूरी दुनिया इसकी गिरफ्त में हैं। इस वायरस के बारे में चीन ने पहली बार 31 दिसंबर को वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन को जानकारी दी थी। तब चीन में 54 मामले थे। इसके तीन महीने बाद ही 200 से ज्यादा देशों की लगभग पूरी आबादी इसकी चपेट में आ गई।
PunjabKesari
महामारी की शुरुआत बेशक चीन से हुई थी, लेकिन आज अमेरिका, ब्राजील, रूस, भारत और ब्रिटेन दुनिया के पांच सबसे संक्रमित देश हैं। इन देशों में संक्रमण के 53% यानी 53 लाख 28 हजार 449 मामले हैं। चीन में रोजाना मिलने वाले कोरोना के मामले 6 मार्च के बाद 100 से कम हो गए। तीन महीने में ही चीन ने करीब-करीब महामारी पर काबू पा लिया। यहां अब तक 83 हजार से ज्यादा मामले मिल चुके हैं, जबकि केवल 4634 लोगों की ही जान गई है।
PunjabKesari
दुनियाभर में 54 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हुए
दुनियाभर में संक्रमित हुए 54 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके है। राहत की बात ये है कि रिकवरी रेट 54.08 प्रतिशत है। मतलब हर 100 में से 54 मरीज ठीक हो रहे हैं। दुनिया के 5 सबसे प्रभावित देशों में सबसे ज्यादा रिकवरी रेट रूस का 61.88% है। इसके बाद भारत का 58.08%, ब्राजील का 54.49% और अमेरिका का 41.86% है। ब्रिटेन में ठीक हुए मरीजों का आंकड़ा न मिलने की वजह से रिकवरी रेट का पता नहीं चल पाया।

दुनियाभर में 5 लाख से ज्यादा मौतें 
इस दौरान दुनियाभर में मरने वालों की संख्या पांच लाख से ज्यादा हो गई है। दुनिया का डेथ रेट 5.01 प्रतिशत है। पांच सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में सबसे ज्यादा डेथ रेट ब्रिटेन का 14.03% है। इसके बाद अमेरिका का 4.99%, ब्राजील का 4.38%, भारत का 3.07% है। दुनिया में सबसे कम डेथ रेट रूस का 1.42% है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News