कोटा में कार के चंबल नदी में गिरने से दूल्हे सहित नौ बारातियों की मौत

punjabkesari.in Sunday, Feb 20, 2022 - 12:57 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजस्थान में कोटा में नयापुरा पुलिया से कार के चंबल नदी में गिर जाने से आज सुबह दूल्हे सहित नौ बारातियों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सुबह पुलिस को एक कार के नदी में गिर जाने की सूचना मिली और प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शहर पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत ने बताया कि पुलिस एवं कोटा नगर निगम की बचाव एंव राहत कार्य टीम बचाव कार्य में लगे और कार से सात शव बरामद किए गए और बाद में दो शव नदी से और बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि कार में नौ लोग सवार थे। यह बारात सवाईमाधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा से मध्यप्रदेश के उज्जैन जा रही थी। जिला कलक्टर हरिमोहन मीणा के अनुसार हादसे के मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से सहायता दी जाएगी। 

PunjabKesari

हादसे में चौथ का बरवाड़ा निवासी एवं दूल्हा अविनाश वाल्मीकि, दूल्हे का भाई केशव, कार चालक एवं चौथ का बरवाड़ा निवासी इस्लाम, जयपुर के टोंक फाटक निवासी कुशाल, शुभम और रोहित तथा जयपुर के ट्रांसपोटर् नगर निवासी राहुल, घाटगेट निवासी विकास, मालवीय नगर निवासी मुकेश की मौत हो गई। हादसे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला तथा कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। गहलोत ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि कोटा में बारातियों की कार चंबल नदी में गिरने से दूल्हे सहित नौ लोगों की मृत्यु बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कलक्टर से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर शोकाकुल परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति देने एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की। 

बिड़ला ने सोशल मीडिया के जरिए हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र कोटा में कार के चंबल नदी में गिर जाने से कई लोगों की मृत्यु हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस आघात को सहन करने का संबल दें। असीम पीड़ा की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। इसी तरह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि चम्बल नदी में कार डूबने के हादसे की खबर अत्यधिक दु:खद है। डा पूनियां ने मृतकों को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। 

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी हादसे पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि इसमें दूल्हे सहित नौ लोगों की मृत्यु का समाचार सुनकर उन्हें बहुत दु:ख पहुंचा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शान्ति तथा शोक-संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट तथा अन्य कई नेताओं ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Hitesh

Recommended News

Related News