ट्विटर को बैन करने के बाद नाइजीरिया सरकार ने मेड इन इंडिया ऐप Koo पर बनाया अकाउंट

punjabkesari.in Thursday, Jun 10, 2021 - 04:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय माइक्रोब्लॉगिंग मंच कू (koo) ने बताया कि नाइजीरिया सरकार ने एक आधिकारिक अकाउंट कू पर बनाया है। सोशल मीडिया मंच कू की नजर अफ्रीकी राष्ट्र में अपने प्रसार पर है। नाइजीरियाई सरकार और कू की प्रतिद्वंद्वी कंपनी ट्विटर के बीच गतिरोध की पृष्ठभूमि में यह घटनाक्रम हुआ है। पिछले हफ्ते, नाइजीरिया की सरकार ने अपने देश में अमेरिकी सोशल मीडिया मंच को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित करने की घोषणा की थी। कू के सह-संस्थापक और CEO अप्रमेय राधाकृष्ण ने कू पर एक पोस्ट में कहा कि नाइजीरिया सरकार का आधिकारिक हैंडल अब कू पर है!"

 

दिलचस्प है कि उन्होंने यह जानकारी ट्विटर पर भी साझा की और कहा कि "कू इंडिया पर नाइजीरिया सरकार के आधिकारिक हैंडल का स्वागत है! अब हम भारत से बाहर भी पंख फैला रहे हैं।” पिछले हफ्ते, नाइजीरिया की सरकार ने कहा था कि वह ट्विटर को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर रही है। उससे पहले कंपनी ने अलगाववादी आंदोलन के बारे में राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी के एक विवादास्पद ट्वीट को हटा दिया था। इसके बाद, कू ने कहा था कि वह नाइजीरिया में उपलब्ध है और उस देश में उपयोगकर्ताओं के लिए नई स्थानीय भाषाओं को शामिल करने की इच्छुक है।

 

राधाकृष्ण ने एक साक्षात्कार में कहा था कि अब नाइजीरिया में माइक्रोब्लॉगिंग मंचों के लिए एक अवसर है... कू अपने ऐप में स्थानीय नाइजीरियाई भाषाओं को शामिल करने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा था कि कू नाइजीरियाई बाजार में प्रवेश करने के लिए उत्सुक है, और हर उस देश के स्थानीय कानूनों का पालन करेगी जहां वह संचालित होती है। कू ने पहले ही कहा है कि उसने पिछले महीने लागू किए गए भारत के IT नियमों का पहले ही पालन सुनिश्चित कर लिया है और इस मुद्दे पर सरकार द्वारा मांगी गई आवश्यक जानकारी साझा की गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News