कड़ी सुरक्षा के बीच 5,726 तीर्थयात्रियों का नया जत्था रवाना, 11 अगस्त रक्षा बंधन के अवसर पर समाप्त होगी अमरनाथ यात्रा

punjabkesari.in Thursday, Jul 07, 2022 - 01:02 PM (IST)

जम्मू: कड़ी सुरक्षा के बीच 5,726 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था दक्षिण कश्मीर में 3,880 मीटर ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए बृहस्पतिवार को रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कड़ी सुरक्षा के बीच 242 वाहनों में कुल 5,726 तीर्थयात्री यहां भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुए। इनमें 4,384 पुरुष, 1,117 महिलाएं, 57 बच्चे, 143 साधु, 24 साध्वी और एक ट्रांसजेंडर है।

उन्होंने बताया कि बालटाल आधार शिविर के लिए जाने वाले 2,109 तीर्थयात्री 91 वाहनों में तड़के करीब तीन बजकर 40 मिनट पर सबसे पहले रवाना हुए। इसके बाद कश्मीर में पहलगाम शिविर के लिए 3,617 तीर्थयात्रियों को लेकर 151 वाहनों का दूसरा काफिला रवाना हुआ।

बाबा बर्फानी के दर्शन के लिये 43 दिन की वार्षिक यात्रा दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पारंपरिक 48 किलोमीटर के नुनवान मार्ग और मध्य कश्मीर के गांदरबल में 14 किलोमीटर के बालटाल मार्ग से 30 जून को शुरू हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक 89,000 से अधिक तीर्थयात्री पवित्र गुफा में बर्फ से बने शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं। अमरनाथ यात्रा 11 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर समाप्त होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Recommended News

Related News