‘यह बेहद दुखद तथा दुर्भाग्यपूर्ण है'', एनसीडब्ल्यू प्रमुख ने बलात्कार टिप्पणी पर कांग्रेस विधायक पर साधा निशाना

punjabkesari.in Friday, Dec 17, 2021 - 12:59 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की प्रमुख रेखा शर्मा ने बलात्कार को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर कर्नाटक कांग्रेस के विधायक केआर रमेश कुमार पर निशाना साधा और कहा कि, ‘‘यह बेहद दुखद तथा दुर्भाग्यपूर्ण है'' कि देश में अब भी महिला विरोधी जन प्रतिनिधि हैं। कर्नाटक विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक केआर रमेश कुमार ने विधानसभा में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा था, ‘‘ जब बलात्कार होना ही है, तो लेटो और मज़े लो।'' इस बयान के बाद एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।

यह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण
रेखा शर्मा ने ट्वीट किया, ‘‘ यह बेहद दुखद तथा दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश में अब भी ऐसे जन प्रतिनिधि हैं, जो महिला विरोधी हैं और महिलाओं के प्रति घिनौनी सोच रखते हैं। यह बेहद घिनौना है। अगर वे विधानसभा में बैठकर इस तरह की बातें कर रहे हैं, तो अपने जीवन में मौजूद मिलाओं के साथ कैसा व्यवहार करते होंगे?'' ‘पीपल अगेंस्ट रेप इन इंडिया' (परी) का नेतृत्व करने वाली कार्यकर्ता योगिता भयाना ने कहा कि ‘‘बेशर्म'' विधायक की यह टिप्पणी दिल्ली सामूहिक बलात्कार के नौ वर्ष पूरे होने के दिन आई है। भयाना ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘‘ कर्नाटक विधानसभा की यह वीडियो कल (बृहस्पतिवार) की है, जब देश में निर्भया कांड के नौ वर्ष पूरे हुए। हमारी महिलाओं की रक्षा करने के लिए हम इन्हें (विधायकों) वोट देते हैं और यह बेशर्म (विधायक) बलात्कार को मजा बता रहे हैं।''

जब बलात्कार होना ही है, तो लेटो और मज़े लो
कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी के पास बृहस्पतिवार को वक्त की कमी थी और उन्हें शाम छह बजे तक चर्चा को पूरा कराना था जबकि विधायक समय बढ़ाने का आग्रह कर रहे थे। कागेरी ने हंसते हुए कहा, ‘‘ मैं उस स्थिति में हूं जहां मुझे मजा लेना है और हां, हां करना है। ठीक है। मुझे तो यही महसूस होता है। मुझे स्थिति को नियंत्रित करना छोड़ देना चाहिए और कार्यवाही व्यवस्थित तरीके से चलानी चाहिए। मुझे सबसे कहना चाहिए कि आप अपनी बात जारी रखें। '' उन्होंने कहा कि उनकी शिकायत केवल इतनी है कि सदन का कामकाज नहीं हो रहा है। पूर्व मंत्री रमेश कुमार ने इस पर हस्तक्षेप करते हुए कहा, ‘‘ देखिए, एक कहावत है- " जब बलात्कार होना ही है, तो लेटो और मज़े लो। आप एकदम इसी हालत में हैं। ''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News