सिद्धू की हत्या के लिए शूटर्स ने चुनीं वही विदेशी पिस्टल, जिनका अपने गानों में अक्सर जिक्र करते थे मूसेवाला

punjabkesari.in Tuesday, Jul 05, 2022 - 04:18 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के सिलसिले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें मूसेवाला को कथित तौर पर करीब से गोली मारने वाला शूटर भी शामिल है। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इसके साथ ही पुलिस मामले में अभी तक पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।  उनके पास से 9 एमएम की पिस्तौल उसके 10 कारतूस, 30 एमएम की एक पिस्तौल, उसके नौ कारतूस, पंजाब पुलिस की तीन वर्दी, दो मोबाइल, एक डोंगल और सिम कार्ड बरामद किया गया है। सिद्धू पर ऑस्ट्रिया, जर्मनी और तुर्की की ग्लोक P-30, जिगाना पिस्टल से गोलियां चलाई गई थीं। इसके अलावा AK-47 का इस्तेमाल भी किया गया था। हाल ही में सामने आए वीडियो और तस्वीरों से इस बात की पुष्टि हो गई है। सूत्रों ने बताया कि बदमाशों ने उन्हीं हथियारों (ग्लोक) का इस्तेमाल किया जिनका जिक्र सिद्धू अपने गानों में किया करते थे।

अंकित नामक किशोर ने मूसेवाला पर छह राउंड गोलीबारी की थी: पुलिस 
 सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोप में गिरफ्तार अंकित सिरसा ने पंजाबी गायक पर दो पिस्तौल से कम से कम छह राउंड गोलीबारी की थी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 19 वर्षीय सिरसा मूसेवाला की हत्या में शामिल सबसे कम उम्र के शूटरों में से एक है। सिरसा को दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने रविवार रात सचिन भिवानी (25) के साथ गिरफ्तार किया था, जो मूसेवाला की हत्या में शामिल चार शूटरों को शरण देने के लिए जिम्मेदार है। 

विशेष पुलिस आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) एचजीएस धारीवाल ने कहा, ''रविवार को रात करीब 11 बजे हमारी टीम ने मूसेवाला को नजदीक से गोली मारने वाले सबसे कम उम्र के शूटरों में से एक अंकित को गिरफ्तार किया। उसने दो पिस्तौल से एक साथ गोलीबारी की और इस दौरान वह सिद्धू मूसेवाला की कार के सबसे करीब था। उसके सहयोगी सचिन भिवानी को भी गिरफ्तार किया गया है।'' मूसेवाला की 29 मई को पंजाब के मनसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

क्या है मामला
गौरतलब है कि लोकप्रिय पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मानसा जिले में 29 मई को अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मूसेवाला की हत्या के मामले में पिछले महीने विशेष प्रकोष्ठ ने दो ‘शूटर' समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इनकी पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के निवासी प्रियव्रत उर्फ फौजी (26), झज्जर जिले के रहने वाले कशिश और पंजाब के बठिंडा निवासी केशव कुमार (29) के तौर पर हुई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anil dev

Recommended News

Related News