नहीं थम रहा कोरोना का कहर, इन 10 राज्यों से आए कोरोना के 73 फीसदी से ज्यादा मामले

punjabkesari.in Monday, May 10, 2021 - 12:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 3,66,161 नए मामलों में 73.91 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, कर्नाटक और दिल्ली समेत 10 राज्यों से आए हैं। इन 10 राज्यों की सूची में केरल, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और हरियाणा शामिल हैं। महाराष्ट्र में संक्रमण के सबसे ज्यादा 48,401 मामले आए। वहीं कर्नाटक में 47,930 और केरल में 35,801 और लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। 

PunjabKesari

देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 37,45,237 है और यह कुल संक्रमितों का 16.53 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 8,589 की वृद्धि हुई है। कुल उपचाराधीन मामलों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, बिहार और मध्य प्रदेश के 82.89 प्रतिशत मरीज हैं। मंत्रालय ने कहा, राष्ट्रीय मृत्यु दर में गिरावट जारी है और वर्तमान में यह 1.09 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में 3754 मरीजों की मौत हो गयी। मौत के 72.86 प्रतिशत मामले 10 राज्यों से हैं। इनमें महाराष्ट्र से सबसे अधिक 572, कर्नाटक से 490 मामले आए। 

PunjabKesari

भारत में 1,86,71,222 लोग ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 3,53,818 लोगों ने कोरोना को मात दी। स्वस्थ होने वाले 74.38 प्रतिशत लोग 10 राज्यों के थे। मंत्रालय ने बताया कि विदेश से मदद के तौर पर 6,738 ऑक्सीजन सांद्रक, 3856 ऑक्सीजन सिलेंडर, 4688 वेंटिलेटर, बीपैप, सीपैप मशीनें, 16 ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र के उपकरण और रेमडेसिविर की करीब तीन लाख शीशियों की आपूर्ति की गयी है। मंत्रालय ने कहा, च्च्राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को तुरंत चिकित्सकीय सामान का आवंटन कर खेप भेजी जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anil dev

Recommended News

Related News