महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख बने नाना पटोले, जानें उनके बारे में सबकुछ

punjabkesari.in Friday, Feb 05, 2021 - 03:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नाना पटोले को अपनी प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पटोले को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त करने के साथ ही पांच नेताओं को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। 

महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष पद से दिया था इस्तीफा
पटोले ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। शिवाजी राव मोगे, बासवराज पाटिल, मोहम्मद आरिफ नसीम खान, कुणाल रोहिदास पाटिल, चंद्रकांत हंडोरे और प्रणति शिंदे को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। इनके साथ ही 10 उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। संसदीय बोर्ड और आगामी निकाय चुनावों के लिए रणनीति, स्क्रीनिंग एवं समन्वय समिति का गठन भी किया गया है। 

मोदी के खिलाफ बोलने वाले पहले भाजपा सांसद
भंडारा जिले के सकोली से कांग्रेस के तीन बार विधायक रह चुके पटोले ने 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल को भंडारा-गोंदिया सीट से हराया। 2017 में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बोलने वाले पहले भाजपा सांसद के रूप में चर्चा में आए थे। उन्होंने इसके बाद पार्टी छोड़ दी और कांग्रेस में वापस आ गए। भाजपा से इस्तीफा देने के कुछ दिनों के भीतर ही पटोले को कांग्रेस में शामिल किया गया। उन्हें अखिल भारतीय किसान कांग्रेस, पार्टी की किसान शाखा के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया। 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वह कांग्रेस पार्टी के टिकट पर विधायक बने।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anil dev

Recommended News

Related News