उपराष्‍ट्रपति की राहुल गांधी को नसीहत,कहा- देश का नाम बदनाम न करें

punjabkesari.in Sunday, Dec 08, 2019 - 05:48 PM (IST)

पुणे: उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने रविवार को कहा कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार पर अंकुश लगाने के लिए नए कानून लाना ही समाधान नहीं है बल्कि ‘राजनीतिक इच्छा शक्ति'और ‘प्रशासनिक कौशल' इस सामाजिक बुराई के खात्मे के लिए जरूरी है। उन्नाव और हैदराबाद की हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए नायडू ने कहा, ‘भारतीय संस्कृति में हम महिला को मां और बहन के रूप में लेते हैं। लेकिन कुछ हिस्सों में हाल के दिनों में जो कुछ हुआ है, वाकई शर्मनाक है और हमारे लिए चुनौती है। हमें यह सुनिश्चित करने के लिए संकल्प लेना चाहिए कि इस प्रकार के भेदभाव और अत्याचार तत्काल रूके।'

PunjabKesari
नायडू ने कहा कि ऐसी घटनाओं को धर्म या राजनीति के चश्मे से देखऐ से कहीं ऐसा न हो जाए कि मूल वजह दब जाए। उन्होंने कहा,‘ इससे भारत की बदनामी हो रही है। कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि भारत इसकी-उसकी राजधानी बन रही है। मैं उसमें नहीं पड़ना चाहता, लेकिन हमें अपने देश को नीचा नहीं दिखाना चाहिए और अत्याचार के ऐसे मामलों पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। गौरतलब है कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान भारत को रेप कैपिटल बताया था। 

PunjabKesari
सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के 16 वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा,‘ हम निर्भया पर कानून लाए। क्या हुआ? क्या समस्या का हल हो गया? मैं कोई विधेयक या नया कानून लाये जाने के विरूद्ध नहीं हूं लेकिन जो मैं सदैव महसूस करता हूं वह यह है कि इस सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए राजनीतिक ईच्छाशक्ति एवं प्रशासनिक कौशल जरूरी है। मानसिकता में बदलाव समय की मांग की है और हमें अपने जड़ों और संस्कृति की ओर लौटना चाहिए।'

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में 23 वर्षीय एक महिला को गुरुवार सुबह उस समय उसके दो बलात्कारियों समेत पांच व्यक्तियों ने कथित रूप से आग लगा दी थी जब वह अदालत की सुनवाई के सिलसिले में रायबरेली जा रही थी। बुरी तरह जल गई इस महिला ने शुक्रवार रात को दम तोड़ दिया था। यह घटना हैदराबाद में एक पशुचिकित्सक के साथ सामूहिक बलात्कार और उसकी हत्या कर दिए जाने के कुछ दिन बाद हुई। हैदराबाद की घटना से देशभर में जनाक्रोश पैदा हो गया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News