औरंगाबाद में दो जनवरी को रैली को संबोधित करेंगे नड्डा : केंद्रीय मंत्री कराड

punjabkesari.in Friday, Dec 30, 2022 - 10:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क : केंद्रीय मंत्री भागवत कराड ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा 2024 के आम चुनाव में महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 45 सीटें जीतने के पार्टी के लक्ष्य के तहत दो जनवरी को औरंगाबाद में एक रैली को संबोधित करेंगे। कराड ने कहा कि नड्डा के दौरे का उद्देश्य औरंगाबाद सहित राज्य की उन लोकसभा सीटों पर पार्टी की संभावनाओं को मजबूत करना है, जो पहले सहयोगी दलों के लिए छोड़ दी गई थीं।

औरंगाबाद सीट पर अविभाजित शिवसेना तब चुनाव लड़ती थी जब दोनों दल (भाजपा और अविभाजित शिवसेना) गठबंधन में थे। कराड ने ‘पीटीआई-भाषा' से कहा, ''नड्डा दो जनवरी को यहां एक रैली को संबोधित करेंगे और फिर करीब 200 भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। वह देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक घृष्णेश्वर मंदिर जाएंगे। वह बाद में परभणी और उस्मानाबाद भी जाएंगे।'' उन्होंने कहा कि 2017 में तैयारी करने के बावजूद भाजपा ने 2019 में औरंगाबाद लोकसभा सीट से चुनाव नहीं लड़ा था।

उन्होंने कहा कि इस पर अंततः ऑल इंडिया मजली-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के इम्तियाज जलील ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि औरंगाबाद सीट से भाजपा चुनाव लड़ेगी। नड्डा का दौरा महाराष्ट्र की 48 में से 45 लोकसभा सीटें जीतने के भाजपा के मिशन का हिस्सा है।" जून में एकनाथ शिंदे के विद्रोह के बाद, शिवसेना उनके और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गुटों में विभाजित हो गई थी। दोनों गुटों ने पार्टी के नाम और चिह्न पर अपना दावा पेश किया है। भाजपा और शिंदे की बालासाहेबंची शिवसेना महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News