राहुल गांधी को नहीं है कोरोना संकट की समझ, देश को कर रहे भ्रमित: नड्डा

punjabkesari.in Saturday, May 30, 2020 - 03:14 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा कि उन्हें कोविड-19 के संकट की बुनियादी समझ एवं समुचित अध्ययन नहीं है इसीलिये वह बार बार भ्रमित बातें कर रहे हैं। नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक पूरा होने के अवसर पर एक संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल पर कहा कि राहुल गांधी गहराई से किसी विषय को समझ नहीं पाते हैं। इस कारण वह बार बार भ्रमित करने वाले बयान देते रहते हैं। वह कभी कहते हैं कि लॉकडाउन जल्दी क्यों नहीं लगाया और कभी कहते हैं कि लॉकडाउन कोरोना से लड़ने का उपाय नहीं है। वह अपनी राजनीति के लिए बार बार बदल बदल कर बयान देते हैं।              

 

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी कोरोना संकट को लेकर या अन्य किसी विषय पर गहन अध्ययन नहीं करते हैं और सही जानकारी के अभाव में उनकी ऐसी स्थिति बनती है। पर वह एक बड़ी राजनीतिक पार्टी के नेता हैं, तो वह बोलते हैं, इसमें हम क्या कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना के अकल्पनीय संकट के समय में देश को जैसा नेतृत्व दिया है, उसकी दुनिया तारीफ कर रही है। मोदी के प्रयासों से देश में इस महामारी पर काफी हद तक अंतर पड़ा है। प्रधानमंत्री ने सही समय पर सही निर्णय लिये हैं।

 

नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने इस संकट काल में जिम्मेदाराना राजनीति नहीं की। इसी कारण राजनीतिक आरोप -प्रत्यारोप लगे जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। जबकि भाजपा केवल सेवा में विश्वास करती है। भाजपा का कार्यकर्ता सेवा के लिए उतरा लेकिन हमने इसका बखान नहीं किया। देश में जो भी मजदूर शहरों से घर की ओर लौट रहे हैं, हमारे कार्यकर्ताओं ने उनके ठहरने एवं भोजन पानी आदि का इंतजाम किया लेकिन कांग्रेस नेता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करके लोगों को गुमराह करने में लगे रहे। उन्होंने माना कि इस अकल्पनीय संकट के कारण सभी गतिविधियों की गति धीमी हुई है लेकिन मोदी के नेतृत्व में भारत सीख रहा है कि किस तरह से कोरोना के साथ जीया जाये। हम देश की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षमता बढ़ा रहे हैं। हर दिन की परिस्थिति को देख कर रोज़ नये तरीके ईजाद कर रहे हैं। पूरा देश श्री मोदी के नेतृत्व में खड़ा है।

 

भाजपा अध्यक्ष ने को कहा कि मोदी सरकार का दूसरा कार्यकाल ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा और इस दौरान उत्पन्न चुनौतियों का निर्णायक एवं समय पर लिये फैसलों के माध्यम से सामना किया गया। लॉकडाउन के वक्त भारत की कोरोना टेस्ट की क्षमता सिर्फ 10,000 टेस्ट प्रतिदिन थी और आज ये क्षमता 1.60 लाख टेस्ट प्रतिदिन है। आज करीब 4.50 लाख पीपीई किट्स प्रतिदिन देश में बन रहे हैं। करीब 58,000 वेंटिलेटर्स देश में बन रहे हैं। उन्होंने मोदी सरकार द्वारा पिछले एक साल में बड़े फैसले लेने का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले साल में बहुत निर्णायक फैसले लिए गए हैं। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 और 35ए को निरस्त किया गया यह प्रधानमंत्री जी की इच्छा शक्ति का नतीजा था। भाजपा अध्यक्ष ने नागरिकता संशोधन अधिनियम, अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को समाप्त करने, आंतकवाद निरोधक कानून को मजबूत बनाने, बैंकों के विलय सहित कई अन्य कदमों को सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों के रूप में गिनाया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News