मानसून के लिए हो जाएं तैयार! समय से पहले ही बदल जाएगा मौसम

punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2020 - 02:42 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान सामान्य सीमा से अधिक बढ़ गया है, जिस कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। अब इसी बीच जबकि मौसम विभाग ने घोषणा की है कि मानसून राष्ट्रीय राजधानी में एक हफ्ते से भी कम समय में पहुंच जाएगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्लीवासियों को खुशखबरी सुनाते हुए कहा कि इस बार तीन-चार दिन पहले ही मानसून राष्ट्रीय राजधानी पहुंच जाएगा। 

PunjabKesari

आमतौर पर मानसून 27 जून को दिल्ली पहुंचता है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय अनुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिम बंगाल और इसके आसपास मंडरा रहा एक चक्रवाती परिसंचरण 19 और 20 जून को दक्षिण पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा। इससे मानसून को 22 और 23 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के कुछ हिस्सों, उत्तर-पूर्वी राजस्थान और पूर्वी हरियाणा की ओर से बढ़ने में मदद मिलेगी। इसका मतलब यह है कि इस बार मानसून चार दिन पहले यानि 22-23 जून को दिल्ली पहुंच जाएगा। 

PunjabKesari

मौसम विभाग ने इस साल उत्तर पश्चिमी भारत में सामान्य बारिश (103 प्रतिशत) होने का अनुमान जताया है। श्रीवास्तव ने कहा कि 18 और 19 जून तक दिल्ली का मौसम शुष्क रहेगा। इस बीच बुधवार को दिल्ली के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। हरियाणा और पंजाब में भी अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। दोनों राज्यों में हिसार सबसे गर्म स्थान रहा जहां तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 39.3 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा और पंजाब के लिए मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 19-21 जून के बीच कुछ स्थानों पर आंधी, वज्रपात के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। 

PunjabKesari

पंजाब में अगले दो दिनों में कुछ स्थानों पर लू चलने की आशंका है। उत्तर प्रदेश में जोर पकड़ रहे मानसून की वजह से राज्य के अनेक पूर्वी हिस्सों में जमकर बारिश हुई। आंचलिक मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। हालांकि पश्चिमी भागों में इसने अभी रफ्तार नहीं पकड़ी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News