अगस्त के आखिरी सप्ताह में शुरू हो सकता है संसद का मानसून सत्र

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2020 - 07:03 PM (IST)

नई दिल्लीः सरकार अगस्त के अंतिम सप्ताह या सितंबर के पहले सप्ताह से संसद के मानसून सत्र की संभावना पर विचार कर रही है, जिसमें कार्यवाही के दौरान सदस्य उपस्थित हों। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। हालांकि, सूत्रों ने यह भी कहा कि कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं किया गया है और यह स्पष्ट करना मुश्किल होगा कि सामाजिक दूरी के मानदंडों का पालन करते हुए सत्र कैसे आयोजित किया जाएगा।
PunjabKesari
सरकार के सूत्रों ने कहा कि सत्र की अवधि और इसके आयोजन का तरीका सत्र की शुरुआत के समय मौजूदा स्थिति पर निर्भर करेंगे। हालांकि सरकार का इरादा पूर्ण सत्र आयोजित करने का है। सूत्रों ने कहा कि कई अध्यादेश हैं जिन्हें संसद में पेश करने की आवश्यकता है। इसलिए सत्र सामान्य अवधि का होगा।
PunjabKesari
सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि संसद का मानसून सत्र निश्चित रूप से 22 सितंबर से पहले शुरू हो जाएगा क्योंकि दो सत्रों के बीच छह महीने से अधिक का अंतराल नहीं हो सकता है। संसद का बजट सत्र तीन अप्रैल तक निर्धारित था लेकिन उससे पहले ही 23 मार्च को सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया था।
PunjabKesari
सूत्रों ने कहा कि कई विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। इनमें एक विकल्प यह भी है कि लोकसभा की बैठक केंद्रीय कक्ष (सेंट्रल हॉल) में हो वहीं राज्यसभा की बैठक लोकसभा में आयोजित की जाए। इस बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू सामाजिक दूरी जैसे मानदंडों के साथ संसद के मानसून सत्र आयोजित करने पर चर्चा करते रहे हैं। बिरला और नायडू दोनों ने भविष्य में विकल्प के तौर पर ‘डिजिटल संसद' की संभावना पर भी विचार किया है।
PunjabKesari

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News