CBI छापे के बीच मोदी ने लालू को लेकर किया एक और खुलासा

punjabkesari.in Tuesday, May 16, 2017 - 04:39 PM (IST)

नई दिल्ली: बेनामी संपत्ति को लेकर आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर लगे आरोप के बाद आयकर विभाग ने छापेमारी शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बीच ही भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने एक और खुलासा किया है। मोदी ने हवाला का आरोप लगाते हुए नए शख्स का नाम लिया है। प्रेम चन्द्र गुप्ता, ओ.पी. कत्याल, अशोक बन्थिया, कांति सिंह, रधुनाथ झा और 8 हजार करोड़ के मनी लांड्रिंग मामले में जेल में बंद वीरेन्द्र जैन जैसे लोगों के साथ लालू परिवार से हवाला आपरेटर विवेक नागपाल का भी नाम जुड़ गया है। विवेक नागपाल ने भी अपनी कम्पनी लालू परिवार को दिल्ली की कीमती जमीन सहित सौंप दी।

मीसा भारती ने मात्र 1 लाख में खरीदी कम्पनी 
भाजपा नेता के अनुसार मीसा भारती ने 1998 में स्थापित इस कम्पनी को मात्र 1 लाख में खरीद लिया।  विवेक नागपाल ने अपने सारे शेयर (10 हजार) मीसा भारती को दे दिए। आज इस कम्पनी में मीसा भारती के 9900 और शैलेश कुमार के 100 शेयर हंै। सुशील के अनुसार सन 2011-12 में पहले 42 लाख 33 हजार की रिहायशी प्रॉपर्टी सैनिक फार्म में खरीदी गई। फिर अगले साल 2012-13 में सैनिक फार्म में 1 करोड़ 78 लाख की जमीन खरीदी गई। दिल्ली के सबसे मंहगे इलाके सैनिक फार्म में 2 बीघा 8 विस्वा जमीन खरीदी गई।

लालू की कुल संपत्ति 3.21 करोड़ 
लालू की कुल संपत्ति 3.21 करोड़ है जबकि चल संपत्ति 70.63 लाख है जिसमें 70 हजार के शेयर भी शामिल हैं। उनकी अचल संपत्ति 2.50 करोड़ ह और कर्ज 16.27 लाख है। 

तेज प्रताप यादव की कुल संपत्ति 2.01 करोड़
2015 विधानसभा चुनाव, महुआ विधानसभा में दिए हलफनामे के अनुसार तेज प्रताप यादव की कुल संपत्ति 2.01 करोड़ है और चल संपत्ति 1.12 करोड़ है जिसमें 25.10 लाख के शेयर हैं। तेजश्वी प्रसाद यादव की कुल संपत्ति 2.32 करोड़ और चल संपत्ति 1.41 करोड़ है।

छापेमारी के बाद लालू ने किया ट्वीट
पटना: आयकर विभाग के छापे पर लालू ने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा। लालू ने एक के बाद एक ट्वीट कर लिखा कि भाजपा में हिम्मत नहीं कि लालू की आवाज को दबा सकें। लालू की आवाज दबाएंगे तो देशभर मे करोड़ो लालू खड़े हो जाएंगे। मैं गीदड़ भभकी से डरने वाला नहीं। जबतक आखिरी सांस है फासीवादी ताकतों के खिलाफ लड़ता रहूंगा।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News