मानहानि मामले में एमजे अकबर की याचिका खारिज, पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Wednesday, Feb 17, 2021 - 08:34 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली की एक अदालत ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर की आपराधिक मानहानि की  याचिका पर सुनवाई करते हुए पत्रकार प्रिया रमानी को आरोपों से बरी कर दिया है। साथ ही अदालत ने एमजे अकबर की याचिका भी खारिज कर दी। इसी बीच, आज पीएम मोदी ने नैसकॉम टेक्नोलॉजी एंड लीडरशिप फोरम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि कोरोना के दौरान हमारे ज्ञान-विज्ञान और हमारी टेक्नोलॉजी ने खुद को साबित किया है। वहीं, लाल किले में हुई  हिंसा के मुख्य आरोपियों में से एक मनिंदर सिंह काे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें 

MJ अकबर के मानहानि मामले में प्रिया रमानी को राहत
पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर द्वारा दायर किए गए आपराधिक मानहानि के मामले पर पत्रकार प्रिया रमानी को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की एक अदालत ने उन्हे आरोपों से बरी कर दिया है।  रमानी ने अकबर के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, जिसे लेकर अकबर ने उनके खिलाफ 15 अक्टूबर 2018 को यह शिकायत दायर की थी। अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार ने अकबर और रमानी के वकीलों की दलीलें पूरी होने के बाद एक फरवरी को अपना फैसला 10 फरवरी के लिए सुरक्षित रख लिया था।

आत्मविश्वास से भरा है भारत, हम दुनिया को दे रहे हैं वैक्सीन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नैसकॉम टेक्नोलॉजी एंड लीडरशिप फोरम में हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये ऐसा समय है जब दुनिया भारत को पहले से ज्यादा उम्मीद और भरोसे के साथ देख रही है। कोरोना के दौरान हमारे ज्ञान-विज्ञान और हमारी टेक्नोलॉजी ने खुद को साबित किया है। आज हम दुनिया के अनेकों देशों को मेड इन इंडिया वैक्सीन दे रहे हैं।

लाल किला हिंसा का मोस्ट वांटेड मनिंदर सिंह गिरफ्तार
26 जनवरी को  तीन कृषि कानूनों के विरोध में निकाली गई किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान लाल किले में हुई  हिंसा के मुख्य आरोपियों में से एक मनिंदर सिंह काे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से 4.3 फीट लंबी 2 तलवारें बरामद की हैं। एसीपी अत्तर सिंह के सुपरविजन में इंस्पेक्टर शिवकुमार, इंस्पेक्टर पवन कुमार और इंस्पेक्टर करमबीर की अगुवाई में पुलिस की स्पेशल सेल ने हिंसा के इस मुख्य उपद्रवी को गिरफ्तार किया है।

जम्मू के हालातों का जायजा ले रहे 23 सदस्यीय यूरोपीय संघ
जम्मू कश्मीर का वर्ष 2019 में विशेष दर्जा खत्म किए जाने के बाद वहां के हालात का जायजा लेने फ्रांस, यूरोपीय संघ और मलेशिया समेत 24 देशों के राजदूतों का एक प्रतिनिधिमंडल दो दिवसीय दौरे पर केंद्र शासित प्रदेश पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रतिनिधिमंडल में यूरोप, अफ्रीका, दक्षिण अमेरिका और एशिया के देशों के राजदूत हैं। आर्टिकल-370 हटाए जाने के बाद चौथी बार घाटी में विदेशी मेहमान दौरे पर गए हैं।

किसान नेता की हत्या कर सकता है खालिस्तानी आतंकी संगठन KCF
दिल्ली के बॉर्डरों पर नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान नेताओं को निशाना बनाने के लिए खालिस्तान कमांडो फोर्स (KCF) द्वारा एक वैश्विक साजिश रची गई है। केंद्रीय खुफिया एजेंसियां R&AW और IB की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि आतंकी संगठन केसीएफ की ऐसी कोशिशों पर नजर रख रही है। कुछ दिन पहले ही इस संबंध में खुफिया एजेंसियों द्वारा एक रिपोर्ट तैयार की गई है।

किसान कांग्रेस के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कवायद शुरू
केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन का पुरजोर समर्थन और केंद्र सरकार पर लगातार हमले कर रही कांग्रेस के किसान प्रकोष्ठ का अध्यक्ष पद पिछले 14 महीनों से खाली पड़ा है, हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि नया अध्यक्ष चुनने की कवायद शुरू हो गई है। नाना पटोले के दिसंबर, 2019 में इस्तीफा देने के बाद से कांग्रेस की किसान इकाई का नया अध्यक्ष अब तक नियुक्त नहीं हो सका है। हाल ही में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त किए गए पटोले ने एक दिसंबर, 2019 को महाराष्ट्र विधानसभा का अध्यक्ष बनने के कारण किसान कांग्रेस के प्रमुख पद से इस्तीफा दिया था।

दो दिवसीय दौरे पर आज रात बंगाल पहुंचेगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर बुधवार की रात कोलकाता पहुंचेंगे। शाह गुरुवार को गंगा सागर के कपिल मुनि आश्रम जायेंगे। वह नामखाना के नारायणपुर गांव में एक प्रवासी परिवार के घर में दिन का भोजन करेंगे और उसके बाद दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप में भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुरू किये गये ‘परिवर्तन यात्रा' के पांचवें तथा अंतिम चरण को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

मछुआरों की भी आवाज सुने मोदी सरकार
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सियासी संकट के बीच केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी दौरे पर हैं।  राहुल गांधी ने  मछुआरों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं का जानने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मछुआरे समुद्र के किसान हाेते हैं।  उन्हे भी पेंशन, बीमा मिलना चाहिए। इसके बाद वह एक कॉलेज में छात्रों के साथ बातचीत करेंगे और फिर एक सार्वजनिक बैठक करेंगे।

रेलवे ने तैनात की RPSF की 20 अतिरिक्त कंपनियां
केन्द्र के तीन नये कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसान संगठनों के बृहस्पतिवार को ‘‘रेल रोको'' अभियान के मद्देनजर रेलवे ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल पर ध्यान केन्द्रित करने के साथ ही देशभर में रेलवे सुरक्षा विशेष बल (आरपीएसएफ) की 20 अतिरिक्त कंपनियां तैनात की है। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने कृषि कानूनों को निरस्त किये जाने की मांग को लेकर पिछले सप्ताह ‘‘रेल रोको'' अभियान की घोषणा की थी।

बंगाल में भ्रष्टाचार और हिंसा का मॉडल काम नहीं करेगा
हाल ही में नाटकीय ढंग से राज्यसभा के पटल पर इस्तीफे की घोषणा करने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी ने बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी पर सीधा हमला बोला और कहा कि पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी का ‘भ्रष्टाचार और हिंसा मॉडल' अब काम नहीं करेगा और राज्य को वापस "अंधेरे दिनों" में ले जाएगा। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा शुरू की गई "बाहरी-स्थानीय' बहस को बंगाल के उदारवादी लोकाचार का "विरोधी" करार दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News