दिल्ली समेत उत्तर भारत के हिस्सों में पारा लुढ़का, लेह में तापमान शून्य से 15.6 डिग्री नीचे पहुंचा

punjabkesari.in Tuesday, Dec 03, 2019 - 11:32 PM (IST)

नई दिल्ली: केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर, लद्दाख समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का दौर जारी है। दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया लेकिन मौसम विशेषज्ञों ने शुक्रवार तक इसके सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। पहाड़ों से चलने वाली तेज पश्चिमोत्तर हवाओं के कारण पारा लुढ़कने की संभावना है। गिरते तापमान और हवा की गति में संभावित गिरावट के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है। 

PunjabKesari
दिल्ली में बुधवार की सुबह हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस किया गया जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है। जम्मू में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम है। शहर में सुबह के समय कोहरा छाये रहने की संभावना है । 

PunjabKesari
पिछले हफ्ते ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात होने और मैदानी इलाकों में बारिश होने के कारण पूरे जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख में रात्रि के तापमान में गिरावट शुरू हो चुकी है। हालांकि, दिन का तापमान दस दिसंबर तक स्थिर रहने की संभावना है । उत्तर कश्मीर में गुलमर्ग का तापमान शून्य के नीचे 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह घाटी में सबसे सर्द स्थान रहा। वैष्णों देवी मंदिर के आधार शिविर कटरा में 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में ठंड का दौर जारी है। लाहौल स्पीति जिले का प्रशासनिक केंद्र केलांग प्रदेश का सबसे ठंड स्थान रहा और यहां का तापमान शून्य के नीचे 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश में मनाली का तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News