धरना स्थल पर बारात लेकर आई दुल्हन, टेंट में ही लिए किसान के बेटे के साथ सात फेरे

punjabkesari.in Friday, Mar 19, 2021 - 10:52 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  मध्य प्रदेश के रीवा की एक शादी की चर्चा आज हर किसी की जुबान पर है। दरअसल कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे एक  किसान ने अपनी बेटे की शादी किसी पैलेस में नहीं बल्कि धरना स्थल पर ही करवाई, जिसके चलते यह ​विवाह सुर्खियों में बना हुआ है। पहली बार धरना स्थल पर नारेबाजी की जगह शहनाई की गूंज सुनाई दी, जिसे देख हर कोई खुशी से झूम उठा।

PunjabKesari
जानकारी के अनुसार किसान नेता रामजीत सिंह के बेटे सचिन की शादी छिरहटा के रहने वाले विष्णुकांत सिंह की बेटी आसमा सिंह के साथ हुई। लड़की पक्ष स्वयं बारात लेकर मंडी स्थित धरना स्थल पहुंचे। अग्नि की जगह संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। रामजीत सिंह की मानें तो कृषि कानून बिल का विरोध करते हुए वह घर वापसी नहीं कर सकते हैं, जिसकी वजह से बेटे की शादी यहीं कराई गई।

PunjabKesari
रामजीत ने बताया कि प्रदर्शन की जिम्मेदारी की वजह से वह शादी के लिए समय नहीं निकाल पा रहे थे।  यह बात बेटे सचिन और आसमा को बताई तो दोनों ने धरनास्थल पर शादी का सुझाव दिया। जब अन्य किसानों से इस बात का जिक्र किया तो वह भी इस शादी के लिए राजी हो गए।  किसान ने कहा कि अब वह घर गए बिना धरना स्थल से ही सभी मांगलिक कार्य करेंगे।

PunjabKesari
रामजीत सिंह ने आगे कहा कि यह शादी सरकार के लिए एक संदेश है कि, वह जब तक बिल वापस नहीं लेंगे तब तक हम आंदोलन वापस नहीं लेंगे।  वहीं हम किसान भाईयों के जितने भी पारिवारिक कार्यक्रम होंगे अब वो सभी धरना स्थल से ही किये जाएंगे। इतना ही नहीं  वहीं वर-वधू के परिजनों ने घोषणा की है कि शादी में उपहार के रूप में मिली  राशि का प्रयोग आंदोलन को चलाने में किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Recommended News

Related News