कोविंद, वेंकैया-सोनिया समेत कई नेताओं ने जेठमलानी के निधन पर जताया शोक, बोले-भारत ने महान बुद्धिजीवी खो दिया

punjabkesari.in Sunday, Sep 08, 2019 - 11:56 AM (IST)

नई दिल्लीः राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न राजनीति दलों के नेताओं तथा अन्य विशिष्ट व्यक्तियों ने जाने-माने अधिवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राम जेठमलानी के निधन पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि देश ने महान विधिवेत्ता खो दिया है।


पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जाने-माने अधिवक्ता श्री राम जेठमलानी के अचानक निधन से दुखी हूं। वह विशिष्ट वाक्पटुता के साथ सार्वजनिक मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए जाने जाते थे। राष्ट्र ने एक प्रतिष्ठित न्यायविद और महान विद्वान को खो दिया है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद


राम जेठमलानी का निधन मेरी व्यक्तिगत क्षति है। मैंने अपना मित्र और निकट सहयोगी खो दिया है। ईश्वर उन्हें आशीर्वाद दें और हम सबको यह दु:ख वहन करने के लिए धैर्य दें।'
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया

राम जेठमलानी जी के निधन से भारत ने एक असाधारण अधिवक्ता और प्रतिष्ठित जनसेवक खो दिया, जिसने अदालत और संसद में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वह विनोदी स्वभाव के और साहसी व्यक्ति थे तथा कभी भी किसी भी विषय पर द्दढ़ता से अपने विचार को रखने से नहीं कतराते थे।'' जेठमलानी जी की सबसे अच्छी खूबियों में से एक खूबी यह थी कि वह अपनी बात बिना किसी भय के व्यक्त करते थे। आपातकाल के काले दिनों के दौरान उनकी दृढ़ता और आम लोगों की स्वतंत्रता के लिए लड़ाई को हमेशा याद रखा जाएगा। जरूरतमंदों की मदद करना उनके व्यक्तित्व का एक अभिन्न हिस्सा था।
पीएम नरेंद्र मोदी


गृह मंत्री अमित शाह ने राम जेठमलानी के निवास पर पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

जेठमलानी के निधन से देश ने एक बेहतरीन वकील खो दिया है जो साहसी थे और जिन्होंने सर्वाधिक सनसनीखेज फौजदारी और संवैधानिक मामलों को मजबूती से पेश किया। उनके निधन से न केवल देश के वकील समुदाय को क्षति पुहंची है बल्कि संसद और पूरे देश को नुकसान हुआ है। मेरे अनुसार वह वकील थे, सर्वाधिक सनसनीखेज मामलों खासतौर पर फौजदारी मामलों की पैरवी करने के मामलों में वह असाधारण थे। इसलिए मैंने उनसे एक बार कहा था कि देश के क्रिमिनल बार में उनका ओहदा सबसे ऊपर है। इस पर उन्होंने कहा, मैं संवैधानिक मामलों का भी नंबर एक का वकील हूं। उन्होंने यह इसलिए कहा क्योंकि वह सभी तरह के मामलों को देखते थे।
अटॉर्नी जनरल के. के. वेणुगोपाल

कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, ‘‘ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री राम जेठमलानी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने उनके परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News