लोहड़ी और मकर संक्राति की तैयारियाँ शुरू,  बाजारों में छाई रौनक

punjabkesari.in Monday, Jan 10, 2022 - 04:50 PM (IST)

साम्बा (संजीव): मकर संक्रांति से लेकर लोहड़ी को लेकर घरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। मकर संक्रांति हिंदुओं की आस्था का पर्व है तो वहीं लोहड़ी खासतौर पर जम्मू-पंजाब के लोगों का। लोहड़ी को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। जैसे-जैसे लोहड़ी का त्यौहार नज़दीक आ रहा है, वैसे ही बाजारों में चहल-पहल भी बढऩे लगी है। लोहड़ी के चलते बाजार भी सजकर तैयार हो गए हैं। खरीददारों की आमद से बाजारों में रौनक छाने लगी है। लोगों ने अभी से ही मूंगफली, गच्चक, रेवडिय़ां, चिड़वड़े, बिस्कुटों व मिठाईयों आदि की खरीदारी शुरू कर दी है। 


लोहड़ी नवविवाहित जोड़ों और नवजात शिशुओं के लिए यह बेहद खास होता है। लोग लोहड़ी की रात अग्नि जलाकर परिवार के साथ लोकगीत गाकर नए धान के लावे, मक्का, गुड़, रेवड़ी व मूंगफली आदि अग्नि को अर्पित कर परिक्रमा करते है। साथ ही एक दूसरे को लोहड़ी की बधाई देकर मंगल कामना करते हैं। डुज्गर संस्कृति में लोग अपनी बेटियों व अन्य संगे-संबंधियों को लोहड़ी का त्यौहार, यानि उपहार के तौर पर मूंगफली, मक्की के भुने हुए दाने पॉपकार्न, रेवडिय़ों, मिठाईयों के साथ कपड़े आदि भेजते हैं। संपन्न लोग इन परंपरागत वस्तुओं के साथ ही महंगे ड्राई फ्रूट आदि भी भेजते हैं, जिनकी खरीदारी का दौर जारी है।

 

त्यौहार पास होने के कारण खरीदारी अधिक होने से दुकानदारों के चेहरों पर भी रौनक देखने को मिल रही है। हालांकि परम्परागत रूप से छज्जे बना कर व हिरण को सजाकर लोहड़ी मांगने की प्रथा अब धीरे-धीरे कम होने लगी है। गांवों में युवा ढोल आदि लेकर, नए विवाह अथवा जिन घरों में बेटों का जन्म हुआ हो, के घरों में जा कर नाच-गाकर लोहड़ी की बधाई मांगते थे। 


वहीं मकर संक्रांति के दिन पवित्र नदियों में स्नान और दान करने की परंपरा है। इसदिन सूर्य उत्तरायण होते हैं और धनु राशि से निकलकर मकर में प्रवेश करते हैं। मकर संक्रांति से एक दिन पहले लोहड़ी मनाई जाती है। प्रकाश शास्त्री ने बताया कि एक साल में 12 संक्रांतियां होती है। इसमें मकर संक्रांति का विशेष महत्व है। इस दिन सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं, जिससे शीत ऋतु का प्रभाव कम होने लगता है। मकर संक्रांति के दिन गंगा, यमुना आदि पवित्र नदियों में स्नान कर खिचड़ी दान करना विशेष फलदायी माना जाता है।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Monika Jamwal

Recommended News

Related News