केजरीवाल ने दिल्ली को दिया ‘लालू मॉडल’, खा गए मजदूरों के हजारों करोड़- अनुराग ठाकुर

punjabkesari.in Saturday, Dec 03, 2022 - 08:13 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) नीत सरकार ने दिल्ली में ‘‘लालू मॉडल'' को नए रूप में पेश किया और निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड के तहत लाभार्थी के रूप में फर्जी नामों की सूची बनाकर करोड़ों रुपये का घोटाला किया। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव से एक दिन पहले यहां संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि यह ‘‘दिल्ली का लालू मॉडल'' है। फिलहाल इस मुद्दे पर आप की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बिहार के चारा घोटाला में दोषी करार दिये गए थे और इससे जुड़े मामलों में जेल में थे।

ठाकुर ने दावा किया, ‘‘वहां (बिहार) मवेशियों का चारा खा लिया गया, यहां (दिल्ली) श्रमिकों को उनके अधिकार से वंचित कर दिया गया।'' उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल और उनके ‘‘मित्रों'' ने दिल्ली में निर्माण श्रमिकों के कल्याण के नाम पर करोड़ों रुपये का घोटाला किया। आधिकारिक सूत्रों ने पूर्व में कहा था कि दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार रोधी शाखा (एसीबी) ने पाया है कि ‘‘फर्जी'' श्रमिकों को आप नीत सरकार के श्रम विभाग द्वारा 900 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की गई थी। दिल्ली भवन और अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के तहत कर्मचारियों का फर्जी पंजीकरण पाए जाने के बाद 2018 में एसीबी ने मामला दर्ज किया था।

ठाकुर ने कागजों का एक पुलिंदा दिखाते हुए कहा, ‘‘केजरीवाल ने लालू के मॉडल को एक नए रूप में पेश किया है। यह पाया गया है कि निर्माण श्रमिकों के रूप में पंजीकृत व्यक्तियों के फर्जी नाम, पते और मोबाइल नंबर थे। यहां तक कि कचौड़ी बेचने वालों और टैक्सी चालकों को भी नियोक्ता के रूप में सूचीबद्ध किया गया था।'' आधिकारिक सूत्रों ने पूर्व में कहा था कि एसीबी द्वारा प्रारंभिक जांच में पाया गया कि दिल्ली सरकार के श्रम विभाग द्वारा ‘‘फर्जी'' श्रमिकों के नाम पर 900 करोड़ रुपये के धन का ‘‘धोखाधड़ी से वितरण'' किया गया।

ठाकुर ने नाम और उनके पते पढ़ते हुए कहा, ‘‘सूची में उत्तर प्रदेश और हरियाणा के लोगों के नाम हैं। दिल्ली में निर्माण श्रमिकों के धन की हेराफेरी के लिए कौन जिम्मेदार है?'' ठाकुर ने कहा, ‘‘शराब घोटाला, कक्षा निर्माण घोटाला, बस घोटाला और अब यह घोटाला। मुझे आश्चर्य है कि अरविंद केजरीवाल रात को कैसे सो पा रहे हैं।'' उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘भ्रष्टाचारियों का यार है, केजरीवाल गुनहगार है।'' दिल्ली भवन और अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड में निर्माण श्रमिकों के रूप में 17 लाख से अधिक लोगों को पंजीकृत किया गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News