सामने आया पुनीत राजकुमार का मौत से चंद घंटे पहले का चौंकाने वाला वीडियो, फैंस को नहीं हो रहा यकीन कि...

punjabkesari.in Saturday, Oct 30, 2021 - 03:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क; कन्नड़ अभिनेता पुनीत राजकुमार दिवंगत अभिनेता राजकुमार के बेटे थे और अपने पिता की पहचान से हट कर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी- और यह पहचान थी कन्नड़ फिल्म जगत में सबसे महशूर और चहेते कलाकार की। ‘अप्पू', ‘वीरा कन्नडिगा' और ‘मौर्य' जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले कन्नड़ सिनेमा के स्टार और टेलीविजन प्रस्तोता पुनीत राजकुमार (46) का शुक्रवार को यहां दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। एकदम चुस्त दुरुस्त दिखने वाले कलाकार के इतनी कम उम्र में निधन से उनके प्रशंसक,सहयोगी और नेता सभी स्तब्ध हैं। सभी के ज़ेहन में केवल यही बात है कि पुनीत राजकुमार इतनी जल्दी दुनिया से कैसे विदा हो गए। वहीं सोशल मीडिया पर पुनीत राजकुमार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह 'KGF' स्‍टार यश संग खूब नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं। 

वीडियो  देख इमोशनल हो रहे फैंस 
दरअसल, ये वीडियो अभिनेता पुनीत राजकुमार के आखिरी पब्लिक अपीयरेंस का है। यहां वो फिल्म 'बजरंगी 2' के प्रमोशन के लिए एक इवेंट में पहुंचे थे। यहां पर उनके साथ यश और शिवराज कुमार के अलावा संतोष आनंद्रम, रिषभ शेट्टी और दिनाकर भी मौजूद थे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को देख अब फैंस इमोशनल हो रहे हैं। उनके परिवार में पत्नी अश्विनी रेवंत और दो बेटियां धृति और वंदिता हैं। भाई-बहनों में सबसे छोटे और पांचवें नंबर के पुनीत ने फिल्मी सफर की शुरुआत में ‘‘भक्त प्रहलाद'' में बेहतरीन अभिनय किया था। इसमें उनके पिता ने भी काम किया था। ‘‘वसंत गीता''और ‘‘भाग्यवंत''में उनके अभिनय को काफी सराहा गया। फिल्म ‘‘बेट्टाडा हूवू'' में उन्होंने एक युवा लड़के रामू की भूमिका निभाई, जो एक दुर्लभ फूल को खोजने के लिए एक शोधकर्ता की सहायता करता है। इस फिल्म के लिए पुनीत को सर्वश्रेष्ठ बाल अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। पुनीत एक बैडमिंटन खिलाड़ी थे और नियमित रूप से जिम जाते थे। शुक्रवार को भी वह जिम गए थे । उनका इलाज करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि जिम में दो घंटे की कसरत के बाद सीने में दर्द की शिकायत पर पुनीत को विक्रम अस्पताल लाया गया। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अभिनेता पुनीत राजकुमार के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी उन्हें उनके कार्यों और शानदार व्यक्तित्व के लिये याद रखेगी । मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ दुर्भाग्य के क्रूर फेर ने हमसे बहुत ही प्रतिभाशाली अभिनेता पुनीत राजकुमार को छीन लिया है। यह उम्र जाने की नहीं है। आने वाली पीढ़ी इस महान व्यक्तित्व को उनके कार्यो द्वारा याद रखेगी । उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना, ओम शांति।'' कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कन्नड़ फिल्मों के मशहूर अभिनेता के निधन पर दुख जताया और उनके परिवार एवं मित्रों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कन्नड़ अभिनेता पुनीत राजकुमार के परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना है। वह जल्द, बहुत जल्द चले गए।'' कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त करने वालों में सबसे पहले थे। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘एक बहुत बड़ा व्यक्तिगत नुकसान है और इसे सहन करना मुश्किल है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह परिवार और प्रशंसकों को इस क्षति को सहन करने की शक्ति दें।'' बोम्मई ने कहा कि अभिनेता एक नवंबर को कन्नड़ राज्योत्सव की योजना बनाने के लिए शुक्रवार को उनसे मिलने वाले थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anil dev

Recommended News

Related News