CRPF कैंप में फायरिंग: सुकमा में जवान ने अपने साथियों पर बरसाईं गोलियां, 4 की मौत व 3 घायल

punjabkesari.in Monday, Nov 08, 2021 - 09:26 AM (IST)

नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के शिविर में ​जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई है जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। राज्य के बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने सोमवार को बताया कि सुकमा जिले के मरईगुड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लिंगनपल्ली गांव में स्थित CRPF की 50वीं बटालियन के शिविर में जवान रितेश रंजन ने अपने साथियों पर गोली चला दी है।

 

पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि इस घटना में चार जवानों धनजी, राजीब मंडल, राजमणि कुमार यादव और धर्मेंद्र कुमार की मृत्यु हो गई है तथा तीन अन्य जवान धनंजय कुमार सिंह, धरमात्मा कुमार और मलय रंजन महाराणा घायल हो गए हैं। सुंदरराज ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि आज तड़के करीब 3.15 बजे जवान रितेश ने विवाद के बाद अपनी AK-47 राइफल से अन्य जवानों पर गोली चला दी। इस घटना में सात जवान घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अन्य जवान और अधिकारी वहां पहुंच गए।

 

अधिकारियों और जवानों ने आरोपी जवान को पकड़ा तथा घायल जवानों को तेलंगाना के भद्राचलम​ जिले के अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने चार जवानों को मृत घोषित कर दिया जबकि तीन जवानों का इलाज किया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी जवान से पूछताछ की जा रही है। उससे पूछताछ के बाद घटना के कारणों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News