जम्मू कश्मीर राजमार्ग दो दिन बाद फिर खुला

punjabkesari.in Friday, Jan 07, 2022 - 01:21 PM (IST)

जम्मू : भारी बारिश, बर्फबारी, भूस्खलन और चट्टानों के गिरने के कारण दो दिनों तक बंद रहने के बाद जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को आवागमन के लिए शुक्रवार को फिर से खोल दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

 

उन्होंने कहा कि भूस्खलन के कारण जमा मलबे को राजमार्ग से हटाने के बाद हल्के मोटर वाहनों को दोनों तरफ से यानी नगरोटा (जम्मू) और काजीगुंड (कश्मीर) से आवाजाही की अनुमति दी गई।

 

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार से विभिन्न स्थानों पर राजमार्ग पर 3000 से अधिक वाहन फंसे हुए थे। उन्होंने बताया कि रामबन में फंसे लोगों को प्रशासन ने भोजन और आश्रय प्रदान किया।

 

अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर घाटी से 1000 से अधिक ट्रकों को जम्मू की ओर जाने की अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि खराब होने वाली वस्तुओं और पेट्रोलियम उत्पादों को ले जाने वाले ट्रकों को भी जाने की अनुमति दी गई।

 

उन्होंने बताया कि रामबन के कैफेटेरिया मोड़ पर भूस्खलन के कारण राजमार्ग फिर से अवरुद्ध हो गया था, लेकिन इसे साफ कर दिया गया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Monika Jamwal

Recommended News

Related News