जम्मू-कश्मीर: जामिया मस्जिद में नहीं हुई जुमे की नमाज, मुस्लिमों ने जताई नाराजगी

punjabkesari.in Friday, Nov 05, 2021 - 08:50 PM (IST)

नेशनल डेस्कः जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के ऐतिहासिक जामिया मस्जिद में पुलिस ने शुक्रवार को लोगों को प्रवेश नहीं करने दिया, जिसके कारण जुमे की नमाज अदा नहीं की जा सकी। चश्मदीदों ने बताया कि पुलिस ने सुबह ही मस्जिद के सारे दरवाजे बंद कर दिये थे और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। जामा मस्जिद के अंजुमन औकाफ ने जामिया मस्जिद में शुक्रवार को जुमे की नमाज पर रोक लगाने के फैसले पर नाराजगी व्यक्त की है। अंजुमन औकाफ ने एक बयान जारी कर इस फैसले की निंदा की है।

बयान में कहा गया है कि कश्मीर के मुस्लिम समझ नहीं पा रहे हैं कि एक तरफ जहां शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के सभी पूजा स्थल, मस्जिद, दरगाह, इमामबाड़े और खानकाह जहां आधिकारिक तौर पर खुले होते हैं वहीं दूसरी तरफ श्रीनगर के ऐतिहासिक जामिया मस्जिद में शुक्रवार को नमाज पढ़ने पर रोक क्यों हैं। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को ऐतिहासिक मस्जिद में नमाज पर रोक लगाना, मुसलमानों की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के समान है, जो अस्वीकार्य है। गौरतलब है कि कश्मीर घाटी में कोविड-19 का प्रकोप बढ़ने पर अधिकारियों ने इस मस्जिद में जुमे की नमाज पर रोक लगा दी थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News