जयशंकर बोले-भारत, रूस से एक महीने में जितना तेल लेता है, यूरोपीय देश उतना एक दोपहर में खरीदते

punjabkesari.in Tuesday, Apr 12, 2022 - 01:46 PM (IST)

नेशनल डेस्क: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत रूस से जितना तेल एक महीने में खरीदता है, संभवत: उतना तेल तो यूरोपीय देश उससे एक दोपहर तक खरीद लेते हैं। रूस से भारत की तेल खरीद के बारे में एक प्रश्न के जवाब में जयशंकर ने मीडिया से कहा, ‘‘आपने तेल खरीद का उल्लेख किया और आप रूस से ऊर्जा खरीद की बात कर रहे हैं...मैं आपको सुझाव दूंगा कि आप यूरोप पर ध्यान दें।

 

हम ईधन सहित कुछ ऊर्जा खरीद करते हैं जो हमारी ऊर्जा सुरक्षा के लिए जरूरी है। लेकिन अगर आंकड़ों पर गौर करें तब संभवत: हमारी एक महीने की (रूसी तेल की) खरीद यूरोप की एक दोपहर की खरीद से कम है।भारत और अमेरिका के बीच सोमवार को चौथी 'टू प्लस टू' मंत्रिस्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में अमेरिका का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने तथा भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। 

 

जानिए क्या बोले जयशंकर
जयशंकर ने कहा कि भारत ने भारतीय संसद, संयुक्त राष्ट्र एवं अन्य मंचों पर कई बयान (रूस-यूक्रेन युद्ध पर) दिए हैं जिसमें उसका रूख स्पष्ट हुआ है। विदेश मंत्री ने कहा कि संक्षेप में कहें तब उनमें यह स्पष्ट है कि हम संघर्ष के खिलाफ हैं। हम बातचीत एवं कूटनीति के पक्ष में है। हम हिंसा को तत्काल समाप्त करने के पक्षधर हैं और इन उद्देश्यों के लिए जो भी रास्ते हों, उनमें योगदान करने के लिए हम तैयार हैं।

 

वहीं, व्हाइट हाउस ने भी भारत की तेल खरीद का बचाव करते हुए कहा कि (रूस से) उसकी तेल खरीद कुल खरीद का एक या दो प्रतिशत है जबकि अमेरिका से 10 प्रतिशत है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी से संवाददाताओं ने पूछा था कि क्या अमेरिका के राष्ट्रपति को प्रधानमंत्री मोदी से रूस से तेल खरीद को बढ़ावा नहीं देने के बारे में कोई प्रतिबद्धता प्राप्त हुई ? उन्होंने कहा कि इस बारे में प्रधानमंत्री मोदी और भारतीयों को कहने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह तेल खरीद (रूस से) 1 से 2 प्रतिशत है, वे (भारत) अमेरिका से 10 प्रतिशत तेल का आयात करते हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी प्रतिबंध का उल्लंघन या उसकी तर्ज पर कुछ नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News